नीट पेपर लीक पर लोकसभा में हंगामा, अखिलेश यादव बोले- हमारा क्या… कांग्रेस और सरकार की डील हो गई क्या?

नीट पेपर लीक और छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज के मुद्दे पर लोकसभा में बुधवार को जोरदार हंगामा हुआ। चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने खुद को बोलने का मौका नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए कांग्रेस और सरकार पर तंज कसा।

नई दिल्ली: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पेपर लीक और छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज के मुद्दे पर बुधवार को लोकसभा में जोरदार हंगामा हुआ। दोपहर 12 बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर विपक्ष ने इस मुद्दे पर चर्चा की मांग को लेकर शोर-शराबा किया। इसी दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खुद को बोलने का अवसर नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई।

दरअसल, संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने सरकार की ओर से चर्चा का प्रस्ताव रखा। इसके बाद कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने अपनी बात रखी। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सभी पक्ष चर्चा चाहते हैं और सरकार भी चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन सदन की कार्यवाही नियमों के तहत ही चल सकती है।

इस पर अखिलेश यादव ने आपत्ति जताते हुए कहा कि “आपने इनके और उनके बोलने का मौका दे दिया, लेकिन हमारा क्या? कहीं कांग्रेस और सरकार की डील तो नहीं हो गई? यह कांग्रेस, भाजपा या समाजवादी पार्टी का नहीं, बल्कि छात्रों का मुद्दा है।”

हंगामे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

इससे पहले संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि सरकार पिछले तीन दिनों से विपक्ष को चर्चा का प्रस्ताव दे रही है और आज भी सरकार नीट पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि चर्चा नियमों के तहत होती है और उसके लिए आवश्यक प्रक्रिया का पालन करना होता है।

रिजिजू ने लोकसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि चर्चा का समय, अवधि और नियम तय करने के लिए सभी दलों के फ्लोर नेताओं से विचार-विमर्श किया जाए। उन्होंने दोहराया कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More