हाइवा का चक्का निकला और किसान को कुचल गया, चालक वाहन छोड़कर फरार

पश्चिमी सिंहभूम के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित कुईडा गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय किसान गुरुचरण चातोम्बा की मौत हो गई। शौच कर घर लौट रहे किसान को चलती हाइवा का निकला चक्का आकर टकरा गया।

पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के कुईडा गांव में बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में 55 वर्षीय किसान गुरुचरण चातोम्बा की मौत हो गई। चलती हाइवा का चक्का अचानक निकलकर उनसे जा टकराया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब पांच बजे गुरुचरण चातोम्बा रोज की तरह शौच कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे कुईडा फुटबॉल मैदान के समीप पहुंचे, तभी वहां से गुजर रही एक हाइवा का एक चक्का अचानक निकल गया। तेज गति से लुढ़कता हुआ चक्का सीधे गुरुचरण चातोम्बा से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और मृतक के परिजनों को सांत्वना दी।

हाटगम्हरिया थाना प्रभारी उत्तम तिवारी ने बताया कि चलती हाइवा का एक चक्का अचानक निकल गया था। उसी चक्के की चपेट में आने से गुरुचरण चातोम्बा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

उन्होंने बताया कि मृतक गुरुचरण चातोम्बा पेशे से किसान थे और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More