बरहरवा को मिलेगा 220 केवी पावर ग्रिड, 90 करोड़ की बड़ी परियोजना

साहिबगंज जिले की बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बरहरवा प्रखंड में 220 केवी क्षमता का नया पावर ग्रिड बनाया जाएगा। लगभग 85 से 90 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के लिए 20 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी।

साहेबगंज: बरहरवा जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और विश्वसनीय बनाने के लिए विद्युत विभाग एक बड़ी परियोजना लाने जा रहा है। इसके तहत बरहरवा प्रखंड में 220 केवी क्षमता का नया पावर ग्रिड बनाया जाएगा।

90 करोड़ की लागत, 20 एकड़ जमीन चाहिए

जानकारी के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 85 से 90 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। ग्रिड निर्माण के लिए करीब 20 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी। हाल ही में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने उपायुक्त दीपक कुमार दुबे से मुलाकात कर परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उपायुक्त ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है।

बिजली ट्रांसमिशन में आएगी मजबूती

फिलहाल साहिबगंज जिले में तीन 132 केवी विद्युत ग्रिड संचालित हैं, जिन्हें ललमटिया स्थित 220 केवी ग्रिड से बिजली मिलती है। प्रस्तावित बरहरवा 220 केवी ग्रिड बनने के बाद साहिबगंज, बरहेट, मंगलहाट और पाकुड़ के ग्रिड सीधे इससे जुड़ जाएंगे। इससे बिजली के ट्रांसमिशन की दूरी घटेगी, लाइन लॉस में कमी आएगी और तकनीकी दिक्कतों का समाधान आसान होगा। साथ ही उपभोक्ताओं को कम कटौती और बेहतर वोल्टेज के साथ निर्बाध बिजली मिल सकेगी।

अडाणी पावर प्लांट से भी जुड़ेगा ग्रिड

भविष्य में इस ग्रिड को गोड्डा स्थित अडाणी पावर प्लांट से भी जोड़ा जाएगा। परियोजना पूरी होने पर संताल परगना प्रमंडल में 220 केवी क्षमता का यह पांचवां पावर ग्रिड होगा। विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस ग्रिड के शुरू होने से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था अधिक सशक्त, स्थिर और प्रभावी बनेगी।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More