Hazaribagh News: क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा के लिए उपायुक्त हेमंत सती और एसपी अमन कुमार ने की ब्रीफिंग

हजारीबाग के विनोबा भावे विश्वविद्यालय परिसर में उपायुक्त हेमंत सती और एसपी अमन कुमार ने झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए अधिकारियों को ब्रीफ किया, वहीं सदर एसडीओ ने परीक्षा केंद्रों के बाहर धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है।

हजारीबाग: झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर शनिवार को विनोबा भावे विश्वविद्यालय (विभावि) परिसर स्थित विवेकानंद सभागार में उपायुक्त हेमंत सती एवं पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को ब्रीफ किया। यह परीक्षा 19 जुलाई (रविवार) को तीन पालियों में आयोजित होगी।

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने और परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ब्रीफिंग के दौरान परीक्षा संचालन से जुड़े तकनीकी पहलुओं की भी विस्तार से जानकारी दी गई।

बैठक में सदर एसडीओ आदित्य पांडेय, प्रशिक्षु आईएएस पूर्वा अग्रवाल, अपर समाहर्ता छोटन महेंद्र उरांव, बरही एसडीओ जोहन टुडू सहित सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

परीक्षा केंद्रों के बाहर धारा 163 लागू

परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) आदित्य पांडेय ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है।

आदेश के अनुसार—

परीक्षा केंद्र के 100 मीटर की परिधि में परीक्षार्थियों के अलावा अन्य व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।

घातक हथियार, लाठी एवं आग्नेयास्त्र लेकर घूमने पर रोक रहेगी।

परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, पुस्तक, नोटबुक, कागजात तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।

परीक्षा केंद्रों के आसपास लाउडस्पीकर के उपयोग पर भी रोक रहेगी।

यह निषेधाज्ञा 19 जुलाई 2026 को सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रभावी रहेगी। हालांकि, परीक्षा ड्यूटी में तैनात सरकारी एवं पुलिस कर्मियों पर यह आदेश लागू नहीं होगा।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More