Koderma News: रांची-पटना NH पर युवराज होटल के समीप जर्जर वृक्ष बना काल, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
1-1024x614.jpeg)
कोडरमा: जिले के दूधीमाटी स्थित रांची–पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर युवराज होटल के समीप खड़ा एक सूखा एवं अत्यंत जर्जर वृक्ष स्थानीय लोगों एवं राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। बरसात एवं तेज हवाओं के चलते यह वृक्ष कभी भी गिर सकता है, जिससे किसी भी समय बड़ा सड़क हादसा होने की आशंका बनी हुई है। यह जानकारी संबंधित अधिकारियों को भेजे गए आवेदन में दी गई है।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश यादव ने इस गंभीर जनहित के विषय पर झारखंड के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, उपायुक्त कोडरमा तथा राष्ट्रीय राजमार्ग हज़ारीबाग मंडल के परियोजना निदेशक/कार्यपालक अभियंता को लिखित आवेदन भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि उक्त स्थान राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण यहां प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। वर्तमान मानसून में लगातार वर्षा एवं तेज हवाओं के कारण वृक्ष के गिरने की संभावना और अधिक बढ़ गई है। यदि समय रहते इसे नहीं हटाया गया तो किसी भी समय जनहानि एवं भारी आर्थिक नुकसान हो सकता है।
प्रकाश यादव ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभाग तत्काल स्थल का निरीक्षण कर सूखे एवं जर्जर वृक्ष को हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने कहा कि जनहित एवं सार्वजनिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन को शीघ्र हस्तक्षेप करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई और कोई दुर्घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।


