Dumka News: पंडित निमाई झा ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से कराई महाप्रभु की विशेष पूजा

मसलिया: प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुमरो में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन देवी सुभद्रा की वैदिक रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने फल, फूल, बेलपत्र, दूध, दही सहित विभिन्न पूजन सामग्रियां अर्पित कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
पंडित निमाई झा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा संपन्न कराई। इसके बाद मंदिर प्रांगण से भव्य रथयात्रा निकाली गई। श्रद्धालु “जय जगन्नाथ, जय बलभद्र, जय सुभद्रा तथा हाथी-घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की जैसे जयघोष लगाते हुए पूरे गांव में रथ के साथ चले। गांव का भ्रमण करने के बाद रथ पुनः मंदिर प्रांगण पहुंचा, जहां विधि-विधान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समापन के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
मान्यता है कि बंगला आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का यह पावन पर्व हर वर्ष बड़ी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर कृष्णानंद झा, पवन सिंह, दिलीप दे, त्रिभुवन सिंह, छोटू साह, अजीत झा, मंगल सिंह, पंचम राय, विकास झा, शिवशंकर मिर्धा, पिंकू साह, विशाल कुमार झा, बजरंग साह, रविराज, सनातन मंडल, खुदुश अंसारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


