साहिबगंज में ‘खेलो इंडिया अस्मिता वूशु लीग’ की तैयारी तेज, बालिका खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच

साहिबगंज: झारखंड वूशु संघ के निर्देश पर साहिबगंज जिले में वूशु खेल के विकास और विस्तार को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए हैं। अगले माह आयोजित होने वाली “खेलो इंडिया अस्मिता वूशु लीग” के लिए विशेष तैयारी की जा रही है। बालिकाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाने और उनका आत्मविश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से अधिक से अधिक खिलाड़ियों का “खेलो इंडिया पोर्टल” पर रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। उक्त बातें जिला वूशु संघ के जिलाध्यक्ष संतोष स्वर्णकार ने कही।
उन्होंने कहा कि वूशु खेल के लिए जरूरी सामग्रियों और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ खिलाड़ियों के प्रशिक्षण को बेहतर बनाने पर भी काम होगा। जिला स्तर पर प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर सहमति बनी है।
इस पहल में जिला वूशु संघ के अध्यक्ष संतोष स्वर्णकार, सचिव सह प्रशिक्षक मृत्युंजय कुमार राय, कोषाध्यक्ष विवेकानंद प्रामाणिक, ललन कुमार, राजकुमार ओझा, प्रेम लता देवी, संजीव कुमार सिन्हा, एनिजामुद्दीन, नारायण चंद्र राय, पिंटू कुमार सहित कई पदाधिकारी और खेल प्रेमी शामिल हैं।




