Sahebganj News: पेयजल सचिव अबू इमरान ने राजमहल के पूर्वी नारायणपुर में जल जीवन मिशन का किया निरीक्षण
-1024x614.jpeg)
साहिबगंज: झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबू इमरान ने राजमहल प्रखंड के पूर्वी नारायणपुर पहुंचकर जल जीवन मिशन के तहत चल रही योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सचिव ने कार्यकारी एजेंसी एल एंड टी के अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने एजेंसी को निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया।
सचिव ने बताया कि यह योजना केंद्र और राज्य सरकार की 50-50 प्रतिशत भागीदारी से चल रही है। मार्च 2028 तक कार्य पूरा कर विभाग को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद पाइपलाइन के माध्यम से संथाल परगना के अधिकांश क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति शुरू होगी। सचिव ने कहा कि संथाल परगना क्षेत्र में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए यह योजना बेहद महत्वपूर्ण है। निरीक्षण के दौरान पाइपलाइन निर्माण में जमीन से जुड़ी कुछ समस्याएं सामने आईं, जिसे एजेंसी ने सचिव के समक्ष रखा।
मौके पर मौजूद अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो और अंचल अधिकारी मो. युसुफ ने बताया कि जमीन संबंधी समस्या का निष्पादन कर लिया गया है। अब कार्य में कोई बाधा नहीं है। राजमहल विधायक एमटी राजा के प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सचिव से आग्रह किया कि जिन प्रखंडों और पंचायतों से यह पाइपलाइन गुजरेगी, वहां के ग्रामीणों को भी शुद्ध पेयजल से लाभान्वित किया जाए।
इस पर सचिव ने सकारात्मक आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान जल जीवन मिशन के डायरेक्टर शशि रंजन, चीफ इंजीनियर रियाज आलम, अनिल प्रसाद, शशि सोरेन, अधीक्षण अभियंता सुशील टुडू, कार्यपालक अभियंता शशिकुमार सिंह, सहायक अभियंता गौरव कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


