नामांकन के तुरंत बाद वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर सियासत तेज, तेज प्रताप बोले- राजनीतिक साजिश

बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की प्रत्याशी वीणा मानवी को नामांकन दाखिल करने के बाद पुलिस ने लंबित वारंट के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पार्टी अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

पटना: बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में सोमवार को उस समय बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया, जब जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की प्रत्याशी वीणा मानवी को नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि कार्रवाई एक लंबित मामले में जारी वारंट के आधार पर की गई।

गिरफ्तारी के बाद जेजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के उद्देश्य से उनकी पार्टी की प्रत्याशी को जानबूझकर निशाना बनाया गया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी वीडियो संदेश में तेज प्रताप ने कहा कि वीणा मानवी चुनाव में मजबूत स्थिति में थीं, इसलिए उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया। उन्होंने कहा, “महिला के साथ जब अन्याय होता है तो कृष्ण का सुदर्शन चक्र चलता है। अब बिहार आने के बाद मेरा सुदर्शन चक्र चलेगा।”

तेज प्रताप ने गिरफ्तारी के समय पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि यदि पुलिस के पास पहले से गिरफ्तारी वारंट था तो पिछले तीन दिनों से चुनाव प्रचार के दौरान कार्रवाई क्यों नहीं की गई। नामांकन के तुरंत बाद की गई गिरफ्तारी कई सवाल खड़े करती है।

उन्होंने कहा कि वह फिलहाल दिल्ली में हैं, लेकिन जल्द बिहार लौटकर इस मामले में सरकार का घेराव करेंगे और प्रेस वार्ता के जरिए अपना पक्ष रखेंगे।

फिलहाल पुलिस की ओर से गिरफ्तारी को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, इस कार्रवाई के बाद बांकीपुर उपचुनाव की सियासत गरमा गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक टकराव और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

 
 
लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More