Koderma News: परिसदन में विधानसभा की आंतरिक संसाधन एवं केंद्रीय सहायता समिति की बड़ी बैठक
-1024x614.jpeg)
कोडरमा: विधानसभा की आंतरिक संसाधन एवं केंद्रीय सहायता समिति की बैठक परिसदन सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति रामेश्वर उरांव ने की। बैठक में पथ निर्माण विभाग, जिला योजना कार्यालय, वन विभाग, परिवहन विभाग, समाज कल्याण विभाग, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खनन विभाग, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, लघु सिंचाई विभाग, उत्पाद विभाग, कृषि विभाग, राजस्व एवं निबंधन विभाग, पशुपालन विभाग, गव्य विकास विभाग, कल्याण विभाग, आपूर्ति विभाग सहित अन्य विभागों के राजस्व संग्रहण एवं वित्तीय प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सभापति रामेश्वर उरांव ने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे राजस्व संग्रहण की समीक्षा करना तथा यह सुनिश्चित करना है कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व की प्राप्ति हो रही है अथवा नहीं। उन्होंने सभी विभागों को राजस्व संग्रहण में और अधिक प्रभावी प्रयास करने का निर्देश दिया।
बैठक में सभापति के दौरा में पथ निर्माण विभाग, लघु सिंचाई विभाग, जल संसाधन विभाग, भवन प्रमंडल अंतर्गत संचालित योजनाओं के निर्माण कार्य की जानकारी लिये और सभी योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभापति ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के क्रम में मलेरिया एवं टीबी की रोकथाम के लिए कार्य जानकारी लिये, स्वास्थ्य विभाग में टीकाकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभापति ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, अबुआ आवास योजना की जानकारी ली, बिरसा हरित ग्राम योजना की भी जानकारी लिये। पंचायती राज विभाग की समीक्षा करते हुए पंचायत सचिवालय की स्थिति की जानकारी ली।
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की समीक्षा पाइपलाइन बिछाने की जानकारी लिये। कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए बीज वितरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परिवहन विभाग की समीक्षा के क्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहित किया जा रहा है। बैठक में समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग एवं अन्य विभागों द्वारा सरकार से प्राप्त आवंटन राशि के उपयोग, योजनाओं के क्रियान्वयन तथा राजस्व संग्रहण के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की गई।
बैठक के अंत में समिति ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने, संसाधनों का बेहतर उपयोग करने तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए। बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी सौमित्र शुक्ला, उप विकास आयुक्त रवि जैन, अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार, भू-अर्जन पदाधिकारी यस्मिता सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुजूर समेत सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।


