Bokaro News: गोमिया के बड़की पुन्नू में 35 हाथियों का झुंड, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह

बड़की पुन्नू क्षेत्र में विचरण कर रहा 35 हाथियों का झुंड
जिला प्रशासन और वन विभाग ने रात में घरों से अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की अपील की

बोकारो: बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के बड़की पुन्नू क्षेत्र में 35 हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उपायुक्त अजय नाथ झा, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार और संलग्न पदाधिकारी संदीप शिंदे ने लोगों से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।

अधिकारियों ने कहा कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में विशेषकर रात के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलना जोखिमपूर्ण हो सकता है। ऐसे इलाकों में मोटरसाइकिल, साइकिल या पैदल आवागमन करने से भी बचना चाहिए। लापरवाही के कारण जान-माल के नुकसान की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों से प्रशासन और वन विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

प्रशासन ने ग्रामीणों को हाथियों के झुंड के नजदीक जाने, फोटो या वीडियो बनाने और उन्हें उकसाने की कोशिश नहीं करने की सलाह दी है। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर संबंधित क्षेत्र में जाने से बचें और सुरक्षित स्थान पर रहें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या वन विभाग को सूचना दें।

जिला प्रशासन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से हाथियों की मौजूदगी से जुड़ी सूचना अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है, ताकि सभी समय रहते सतर्क हो सकें और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हाथियों की मौजूदगी को गंभीरता से लें और सुरक्षा के प्रति लापरवाही न बरतें।

इधर, वन विभाग ने जंगली हाथियों के झुंड को इलाके से बाहर निकालने के प्रयास भी तेज कर दिए हैं।

लेखक के बारे में

By निर्मल महाराज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More