साहिबगंज में पहली बार ईस्ट जोन की सुपर स्पेशियलिटी यूरोलॉजी कॉन्फ्रेंस, देशभर के दिग्गज डॉक्टर जुटेंगे

साहिबगंज: झारखंड के मेडिकल इतिहास में साहिबगंज नया कीर्तिमान रचने जा रहा है। जिले में पहली बार ईस्ट जोन की सुपर स्पेशियलिटी कॉन्फ्रेंस 3 और 4 जुलाई को सूर्या सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में होगी। इसमें देशभर के नामचीन यूरोलॉजिस्ट हिस्सा लेंगे।
संथाल परगना में पहली बार इतनी बड़ी मेडिकल कॉन्फ्रेंस
यूरोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया, झारखंड चैप्टर के तत्वावधान में 7वां जेयूएससीओएन सूर्या नर्सिंग एजुकेशनल कॉलेज में आयोजित होगा। संगठन सचिव डॉ. सुमित कुमार ने बताया कि संथाल परगना के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी सुपर स्पेशियलिटी मेडिकल कॉन्फ्रेंस हो रही है। यह साहिबगंज के लिए गर्व की बात है।
60 से अधिक यूरोलॉजिस्ट लेंगे हिस्सा
दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस में झारखंड के विभिन्न जिलों से 60 से अधिक यूरोलॉजिस्ट और डेलिगेट्स शामिल होंगे। कोलकाता, भुवनेश्वर, बैंगलोर, नाडियाड, अहमदाबाद और पटना से भी यूरोलॉजी के प्रोफेसर्स और विशेषज्ञ पहुंचेंगे। मुख्य अतिथि कोलकाता के सीनियर यूरोलॉजिस्ट एवं रीनल ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. पी.के. मिश्रा होंगे। विशिष्ट अतिथियों में ईस्ट जोन यूरोलॉजिकल सोसाइटी के प्रेसिडेंट डॉ. रंजन डे, सेक्रेटरी डॉ. सुनिर्मल चौधरी, प्रेसिडेंट इलेक्ट डॉ. एम.के. सेनापति, पास्ट प्रेसिडेंट डॉ. अरविंद अग्रवाल तथा यूरोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया के ट्रेजरर डॉ. हरप्रीत सिंह शामिल होंगे।
इन विषयों पर होगी गहन चर्चा
डॉ. विजय कुमार ने बताया कि कॉन्फ्रेंस में यूरोलॉजी से जुड़ी बीमारियों और उनके आधुनिक इलाज पर चर्चा होगी।
- एंडोयूरोलॉजी: पथरी और प्रोस्टेट की समस्याओं का दूरबीन विधि से इलाज।
- लैप्रोस्कोपिक यूरोलॉजी: यूरोलॉजिकल सर्जरी में दूरबीन तकनीक का उपयोग।
- एंड्रोलॉजी: पुरुषों में निःसंतानता और गुप्त रोगों पर चर्चा।
- यूरो-ऑन्कोलॉजी: किडनी, ब्लैडर, प्रोस्टेट और एड्रिनल ग्लैंड के कैंसर का इलाज।
- यूरेथ्रोप्लास्टी: पेशाब की नली सिकुड़ने की समस्या और उसकी सर्जरी।
- यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन: पेशाब के संक्रमण से जुड़े गंभीर मुद्दे।
इन विषयों पर डॉ. रोहन बत्रा (एमपीयूएच, नाडियाड), डॉ. श्रीनिवास एन (फोर्टिस, कोलकाता), डॉ. मनोज दास (एम्स, भुवनेश्वर), डॉ. सुनिर्मल (विभागाध्यक्ष, यूरोलॉजी, आईपीजीएमईआर, कोलकाता) तथा डॉ. संदीप गुप्ता (विभागाध्यक्ष, यूरोलॉजी, आरजी कर, कोलकाता) अपने शोध और अनुभव साझा करेंगे।
40 से अधिक कंपनियां करेंगी उपकरणों का प्रदर्शन
कॉन्फ्रेंस में 40 से अधिक बड़ी फार्मास्युटिकल और यूरोलॉजी उपकरण निर्माता कंपनियां हिस्सा लेंगी। ये कंपनियां एडवांस मेडिकल उपकरणों, सर्जिकल तकनीकों और जीवन रक्षक दवाओं का प्रदर्शन करेंगी। इससे क्षेत्र के डॉक्टरों को आधुनिक तकनीकों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
डॉ. सुमित कुमार ने कहा कि संथाल परगना में इस स्तर की पहली सुपर स्पेशियलिटी कॉन्फ्रेंस चिकित्सा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। इससे साहिबगंज जिले का नाम देश के चिकित्सा जगत में गर्व के साथ लिया जाएगा।


