Koderma News: झुमरी तिलैया के इतिहास में पहली बार आयोजित हुई परिषद की कार्यशाला

कोडरमा: भारत विकास परिषद, झुमरी तिलैया शाखा के इतिहास में पहली बार शाखा स्तरीय एकदिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन अग्रसेन भवन में किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यशाला में शाखा के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन की विचारधारा, कार्यप्रणाली, सेवा गतिविधियों तथा भविष्य की योजनाओं को लेकर सदस्यों को प्रशिक्षित एवं प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के संस्थापक सूरज प्रकाश की जयंती पर उन्हें भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। कार्यशाला में झारखंड उत्तर प्रांत के प्रांतीय अध्यक्ष रामप्रवेश पांडेय ने परिषद के प्रोटोकॉल, नियम एवं संगठनात्मक व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। प्रांतीय सचिव सुनील कुमार ने परिषद की विचारधारा एवं मूल उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
हजारीबाग से आए हरेंद्र तिवारी ने संस्कार एवं पर्यावरण प्रकल्पों की महत्ता बताई, जबकि डॉ. मुंद्रिका तिवारी ने महिला सहभागिता और बाल विकास को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। प्रांत के उपाध्यक्ष कैलाश राणा ने संकल्प प्रकल्प की उपयोगिता पर चर्चा की तथा प्रांत के वित्त सचिव अश्वनी तिवारी ने परिषद के वित्तीय प्रबंधन एवं मोबाइल ऐप के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान आयोजित ‘मुक्त चिंतन’ सत्र में सदस्यों ने प्रांतीय अध्यक्ष से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
इस संवादात्मक सत्र को प्रतिभागियों ने अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यशाला में हजारीबाग शाखा के सचिव सरदार सुरजीत सिंह सहित झुमरी तिलैया शाखा के मधुसूदन दारूका, नारायण सिंह, कैलाश चौधरी, संजय अग्रवाल, ओमप्रकाश राय, असीम तिवारी, सुरेश जैन, प्रीति गुप्ता, शाखा के कोषाध्यक्ष छोटेलाल पांडेय, शाखा सचिव विमल पच्चीसिया एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र का संचालन विमल पच्चीसिया तथा द्वितीय सत्र का संचालन अश्वनी तिवारी ने किया। अंत में शाखा सचिव विमल पच्चीसिया ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यशाला का समापन हुआ। उपस्थित सदस्यों ने इस कार्यशाला को संगठन के इतिहास में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी पहल बताते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के नियमित आयोजन पर बल दिया।


