अभाविप की पीरटांड़ में बैठक, स्थापना दिवस पर दौड़ और वॉलीबॉल प्रतियोगिता होगी आयोजित

गिरिडीह: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) पीरटांड़ प्रखंड इकाई की ओर से हरिजन टोला, चिरकी में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य रूप से अभाविप के प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए मंटू मुर्मू ने कहा कि पीरटांड़ प्रखंड अपने ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक महत्व के लिए जाना जाता है। यह क्षेत्र सदियों से आदिवासी समाज के सर्वोच्च देवता मरांग बुरू और उनकी संस्कृति का केंद्र बिंदु रहा है। इसी प्रकार, जैन समुदाय के लिए यह दुनिया का सबसे पवित्र और सर्वोच्च तीर्थ स्थल सम्मेद शिखरजी के रूप में प्रसिद्ध है। साथ ही, यह क्षेत्र ब्रिटिश काल के विद्रोहों का भी साक्षी रहा है।
प्रांत एसएफएस सह संयोजक अनीश राय ने कहा कि पीरटांड़ जैसे सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों को शिक्षा से जोड़ना अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का प्रमुख लक्ष्य है। जिला संयोजक नीरज चौधरी ने कहा कि अभाविप की स्थापना 9 जुलाई 1949 को हुई थी। इस वर्ष स्थापना दिवस के अवसर पर पूरे गिरिडीह जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पीरटांड़ प्रखंड में दौड़ प्रतियोगिता एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा।
बैठक को सफल बनाने में साहिल तुरी, आफरीन परवीन, अंतरा कुमारी, सुरभि कुमारी, दीपक मरांडी, सूरज सोरेन, रोहित कुमार, रोहित राय, विनय कुमार, बादल कुमार, शुभम कुमार, मिलन कुमार, रंजीत कुमार, शिवा कुमार सहित अन्य कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


