झारखंड को नशामुक्त बनाने निकले युवा, मंत्री सुदिव्य कुमार ने दिखाई मैराथन को हरी झंडी

रांची: पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि मैराथन दौड़ में शामिल युवाओं के हर कदम का संकल्प झारखंड को मादक पदार्थों के दुरुपयोग से बचाना है। झारखंड को मादक पदार्थों के दुरुपयोग से नशामुक्त करना मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का संकल्प है और मैराथन दौड़ में शामिल युवाओं ने उनके इस संकल्प को पूरा करने के लिए कदम से कदम मिलाकर साथ चलने का प्रण लिया है।
मंत्री सुदिव्य कुमार गुरुवार को बापू वाटिका, मोरहाबादी मैदान से पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग द्वारा मादक पदार्थों के सेवन के विरुद्ध जन-जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर रहे थे।
बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक निकली मैराथन
मैराथन दौड़ का आयोजन बापू वाटिका, मोरहाबादी मैदान से अल्बर्ट एक्का चौक, रांची तक किया गया। इसमें रांची के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों तथा अनेक गणमान्य लोगों ने भाग लेकर झारखंड को मादक पदार्थों के दुरुपयोग से बचाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मंत्री श्री सुदिव्य कुमार ने युवाओं एवं उपस्थित लोगों को मादक पदार्थों के दुरुपयोग से बचने तथा नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने अल्बर्ट एक्का चौक पर मैराथन दौड़ के विजेताओं को पुरस्कृत किया।
साइकिल प्रतियोगिता के विजेता
पुरुष वर्ग
- शरद अहीर
- सुभाष उरांव
- गुलशन डूंगडूंग
महिला वर्ग
- पूजा सिंह
- निशा कुमारी
- मंजू कुमारी
झारखंड को बेहतर और सशक्त बनाने में युवा देंगे योगदान
मंत्री श्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि झारखंड को नशामुक्त बनाने के साथ-साथ युवाओं ने यह भी संकल्प लिया है कि वे राज्य को बेहतर और सशक्त बनाने में भरपूर योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि मैराथन दौड़ में युवाओं ने उत्साहवर्धक संदेश दिया है कि स्वस्थ, सबल और समृद्ध झारखंड ही राज्य को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकता है।
कार्यक्रम स्थल पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।
मैराथन दौड़ में आमजन के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवा, खिलाड़ी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी तथा रांची सहित अन्य जिलों के अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।


