Dhanbad News: बीसीसीएल ने वर्ष 2030 तक कोयला उत्पादन बढ़ाने की बनाई महायोजना

बाघमारा: कोयला क्षेत्र में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है बीसीसीएल। कोल इंडिया लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड ने वर्ष 2030 तक कोकिंग कोल उत्पादन और कोयला वाशरी क्षमता बढ़ाने की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य देश के स्टील उद्योग को बेहतर गुणवत्ता वाला कोकिंग कोल उपलब्ध कराना और विदेशी कोयला आयात पर निर्भरता को कम करना है। बीसीसीएल का लक्ष्य है कि मौजूदा करीब 40.5 मिलियन टन वार्षिक कोयला उत्पादन को बढ़ाकर 54 से 55 मिलियन टन तक पहुंचाया जाए। इसके लिए नई खदानों के विकास के साथ-साथ मौजूदा परियोजनाओं के विस्तार पर जोर दिया जाएगा।
वहीं कोयला धुलाई यानी वाशरी क्षमता को भी बड़े स्तर पर बढ़ाने की तैयारी है। कंपनी वर्तमान 13.65 मिलियन टन वाशरी क्षमता को बढ़ाकर 27 से 28 मिलियन टन करने की योजना पर काम कर रही है।इसके तहत तीन नई वाशरी स्थापित की जाएंगी, जिससे कोयले की गुणवत्ता बेहतर होगी और स्टील उद्योग को ज्यादा मात्रा में धुला हुआ कोकिंग कोल मिल सकेगा।
बीसीसीएल की योजना है कि अतिरिक्त उत्पादन का बड़ा हिस्सा स्टील सेक्टर को उपलब्ध कराया जाए। इससे स्टील उद्योग को मिलने वाली कोकिंग कोल आपूर्ति वर्तमान स्तर की तुलना में कई गुना बढ़कर करीब 9 से 10 मिलियन टन तक पहुंच सकती है। कंपनी ने वर्ष 2030 तक अपना वार्षिक राजस्व बढ़ाकर करीब 20 हजार करोड़ रुपये करने का लक्ष्य भी रखा है। विशेषज्ञों के अनुसार, अगर यह योजना सफल होती है तो भारत में कोकिंग कोल आयात में कमी आएगी और घरेलू स्टील उत्पादन को मजबूती मिलेगी।
कोयला मंत्रालय ने भी तेज की तैयारी
देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए कोयला मंत्रालय ने उत्पादन, गुणवत्ता और कोयला परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं।कोल इंडिया लिमिटेड की कंपनियों के साथ हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कोयला उत्पादन बढ़ाने, बेहतर गुणवत्ता सुनिश्चित करने और समय पर आपूर्ति को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने की। इसमें कोयला कंपनियों की समस्याओं, संचालन क्षमता बढ़ाने, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और सतत विकास को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।मंत्रालय ने साफ किया है कि देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए कोयले की निर्बाध उपलब्धता और तेज परिवहन सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी से बदलेगी कोयला ढुलाई व्यवस्था
समीक्षा बैठक में मैकेनाइज्ड कोल इवैक्यूएशन फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। इसके तहत 103 परियोजनाओं के माध्यम से 1339 मिलियन टन क्षमता विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे कोयला परिवहन में सड़क पर निर्भरता कम होगी, समय की बचत होगी और कोयले की गुणवत्ता भी बेहतर बनी रहेगी।इसके साथ ही प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।
रेलवे से मांगे गए अतिरिक्त रेक
कोयला ढुलाई को और तेज करने के लिए कोयला मंत्रालय ने रेलवे से अतिरिक्त रेक उपलब्ध कराने की मांग की है। एमसीएल के लिए मौजूदा 102 रेक प्रतिदिन की व्यवस्था के अलावा 15 अतिरिक्त रेक और एसईसीएल के लिए 60 रेक प्रतिदिन के अलावा 5 अतिरिक्त रेक की मांग की गई है। कुल मिलाकर बीसीसीएल की यह योजना कोयला उत्पादन, वाशरी क्षमता और स्टील उद्योग की जरूरतों को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।


