Dhanbad News: बाघमारा में अवैध खनन के खिलाफ अभियान, सीआईएसएफ-पुलिस और बीसीसीएल की संयुक्त छापेमारी

बाघमारा के झिनझिन पहाड़ी और केसलपुर क्षेत्र में सीआईएसएफ, पुलिस और बीसीसीएल की संयुक्त टीम ने अवैध कोयला खनन के खिलाफ अभियान चलाया।

धनबाद: बाघमारा बीसीसीएल एरिया-4 कतरास के रामकनाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत झिनझिन पहाड़ी एवं केसलपुर इलाके में अवैध कोयला खनन के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में सीआईएसएफ, स्थानीय पुलिस और बीसीसीएल प्रबंधन की टीम शामिल रही।

संयुक्त अभियान के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में संचालित अवैध खनन स्थलों का निरीक्षण किया और अवैध रूप से बनाए गए कई खनन मुहानों की भराई कर उन्हें बंद कर दिया। अभियान का उद्देश्य अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लगाना तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना था।

अधिकारियों ने बताया कि अवैध कोयला खनन न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि इससे दुर्घटनाओं और जानमाल के नुकसान की आशंका भी बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

बीसीसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से अभियान चलाया जाएगा। साथ ही स्थानीय लोगों से अपील की गई कि वे अवैध खनन गतिविधियों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग या पुलिस को दें।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More