koderma News: मरचोई मोड़ हाट बाजार में गिरा हाई वोल्टेज चालू तार, मची भारी भगदड़
3-1024x614.jpeg)
सतगावां: प्रखंड स्थित मरचोई मोड़ के समीप सोमवार को उस वक्त अफरा तफरी और दहशत का माहौल बन गया जब एक हाई वोल्टेज बिजली का तार शॉर्ट सर्किट के कारण धू धू कर जलते हुए सीधे जमीन पर आ गिरा। घटना के वक्त मौके पर हाट बाजार लगा हुआ था। और लोगों की भारी भीड़ मौजूद थी। तार गिरते ही बाजार में भगदड़ मच गई और लोगों ने इधर उधर भागकर बाल बाल अपनी जान बचाई।
गनीमत यह रही कि इस बेहद संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाके में कोई भी व्यक्ति इस चालू हाई वोल्टेज तार की चपेट में नहीं आया। जिससे एक बड़ा जानमाल का नुकसान होने से बच गया। हालांकि इस हादसे में ट्रांसफार्मर के नीचे दुकान लगाने वाले स्थानीय दुकानदार राजेश कुमार की दुकान में आग लग गई जिससे उनके कपड़े और दुकान में रखा अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय बिजली मिस्त्री ने त्वरित सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए लाइन को काट दिया। अगर बिजली आपूर्ति काटने में थोड़ी भी देरी होती तो हाट बाजार में करंट फैलने से भयावह स्थिति पैदा हो सकती थी। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों और दुकानदारों में गहरा खौफ और दहशत का माहौल बना हुआ है। इस हादसे को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में बिजली विभाग और संबंधित कंपनी के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
ग्रामीणों ने कंपनी द्वारा लगाए गए केबल तारों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि जब से इस मार्ग और मोड़ पर केबल तार लगाया गया है तब से इसी विशेष स्थान पर बार बार शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने याद दिलाया कि इसी स्थान पर पूर्व में भी एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो चुका है। जहां शॉर्ट सर्किट की चपेट में आने से नावाडीह पंचायत के ग्राम बाध के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
उस घटना से भी विभाग ने कोई सबक नहीं लिया। ग्रामीणों और स्थानीय व्यवसायियों ने विभाग के उच्चाधिकारियों से इस पूरे इलाके में लगाए गए केबल तारों की गुणवत्ता की अविलंब उच्च स्तरीय जांच कराने और जर्जर व्यवस्था को सुधारने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।


