सत्ता के लिए कांग्रेस ने राजद और माले के सामने किया सरेंडर

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग और उसके बाद कांग्रेस की प्रतिक्रिया को लेकर राजनीतिक विश्लेषक सुनील सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने के लिए कांग्रेस ने राजद और माले के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। उन्होंने इसे कांग्रेस के आत्मसम्मान और राजनीतिक कमजोरी से जोड़ते हुए कई सवाल उठाए हैं।

सुनील सिंह

रांची : चर्चित कहावत है, “चोरी और सीनाजोरी”। चोर मचाए शोर, शोर सुनकर झारखंड के कांग्रेसी डर गए और राजद व माले के सामने सरेंडर कर दिया। कांग्रेसियों ने आत्मसम्मान को इसलिए गिरवी रख दिया, ताकि सत्ता बची रहे, मलाई चाभते रहें, माल-पानी मिलता रहे, झारखंड से दिल्ली तक नेताओं की खातिरदारी होती रहे और थैली का खेल जारी रहे।

यदि ऐसा नहीं होता, तो 4+2 विधायकों वाली पार्टी राजद और माले के सामने 16 विधायकों वाली पार्टी और इंडिया गठबंधन का दूसरा सबसे बड़ा सहयोगी इस तरह घुटने नहीं टेकता।

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के मामले में यदि कांग्रेस की गलती रहती, तो बात समझ में आती। लेकिन यहां तो राजद और माले के विधायकों ने डंके की चोट पर क्रॉस वोटिंग की। कांग्रेस प्रत्याशी को हराया। इसके बाद “चोरी और सीनाजोरी” की तर्ज पर कांग्रेस को आंखें भी दिखाईं। भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। क्रॉस वोटिंग के आरोप को खारिज किया। न जाने क्या-क्या कहा। बावजूद इसके कांग्रेस ने सत्ता के लोभ में सरेंडर कर दिया।

कांग्रेस के एक मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि गठबंधन बचाने के लिए वह “विष पीने” को तैयार हैं। वहीं दूसरे मंत्री इरफान अंसारी, जो कल तक राजद और माले को विश्वासघाती, पीठ में खंजर भोंकने वाला और पैसा लेकर वोट बेचने का आरोप लगा रहे थे, अब कह रहे हैं कि “छोटे भाई को माफ कर दिया। इनके सात खून भी माफ हैं।”

यह माफी सत्ता का प्रेम है। माफी जिसे मांगनी चाहिए थी, वह नहीं मांग रहा और दूसरे बिना माफी मांगे उसे क्षमा कर रहे हैं। यही कांग्रेस का चरित्र है। अब कांग्रेस कितना नीचे गिरेगी?

इतना अपमानित होने के बाद भी कांग्रेस का सरकार में बने रहना कहां तक उचित है? कांग्रेस क्यों लगातार गर्त में जा रही है, यह झारखंड प्रकरण से साफ हो गया है। ऐसी घटनाओं से कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरता है और उनका हौसला टूटता है।

कांग्रेसियों को पता है कि यदि वे सरकार से हट जाएंगे, तो उनका अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। झारखंड में पार्टी का अपना कोई जनाधार नहीं है। वह झामुमो के कंधे पर सवार होकर राजनीति कर रही है। राजद और माले जैसी छोटी पार्टियों के सामने कांग्रेसी नतमस्तक हो गए। क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर पार्टी अब बैकफुट पर आ गई है।

प्रणव झा कांग्रेस आलाकमान के उम्मीदवार थे, लेकिन झारखंड में उनकी भी दुर्गति हो गई। यह सीधे-सीधे आलाकमान की हार है। क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर झामुमो चुप है और पूरे घटनाक्रम का आनंद ले रहा है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More