नोवामुंडी में जंगली हाथियों का आतंक, रातभर जागकर पहरेदारी कर रहे ग्रामीण

हाथियों से सुरक्षा और बिजली-नेटवर्क की मांग को लेकर डीएफओ कार्यालय पहुंचे आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के सदस्य।

पश्चिमी सिंहभूम: जिले के नोवामुंडी वन क्षेत्र में जंगली हाथियों के लगातार विचरण और फसलों को नुकसान पहुंचाने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हाथियों के हमले की आशंका के बीच ग्रामीणों को रातभर जागकर अपने खेतों और घरों की रखवाली करनी पड़ रही है। इस समस्या के समाधान समेत अन्य स्थानीय मुद्दों को लेकर गुरुवार को बुड़ा कमान गांव में आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के जिला अध्यक्ष मानसिंह तिरिया के नेतृत्व में ग्रामीणों की बैठक हुई।

बैठक के बाद ग्रामीणों की समस्याओं से वन प्रमंडल पदाधिकारी और उपायुक्त को अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा गया। साथ ही, वन विभाग से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी गई।

बैठक में मानसिंह तिरिया ने कहा कि जिले के कई गांवों में जंगली हाथियों का विचरण ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। नोवामुंडी वन क्षेत्र के बुड़ा कमान गांव में पिछले एक महीने से हाथी लगातार फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है और उनकी आजीविका पर संकट गहरा गया है। हाथियों के हमले की आशंका के कारण ग्रामीणों को रातभर पहरेदारी करनी पड़ रही है। इसके बावजूद ग्रामीणों ने हाथियों को गांव से दूर रखने के लिए वन विभाग की ओर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने की शिकायत की।

ग्रामीणों ने मांग की कि हाथी प्रभावित गांवों में तत्काल टॉर्च, पटाखे और मशाल जैसी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि हाथियों को सुरक्षित तरीके से दूर भगाने और ग्रामीणों की जान-माल की रक्षा करने में मदद मिल सके। मानसिंह तिरिया ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो ग्रामीण वन विभाग के कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

बैठक में बिजली कनेक्शन का मुद्दा भी उठाया गया। ग्रामीणों ने नए बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने वाली एजेंसी पर उपभोक्ताओं से पैसे मांगने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा, गांव में मोबाइल नेटवर्क की खराब स्थिति पर भी नाराजगी जताई गई। ग्रामीणों के अनुसार, नेटवर्क की समस्या के कारण खाद्य वितरण प्रणाली के संचालन, स्कूलों के कामकाज और आम लोगों को आवश्यक सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है।

बैठक के दौरान ग्रामीणों ने गांव में देर रात आने वाले अज्ञात लोगों से पूछताछ करने और उनकी पहचान सुनिश्चित करने का निर्णय भी लिया। जंगली हाथियों से प्रभावित अन्य गांवों में कुन्दीरीझोर, तेन्तोडीपोसी, सोसोपी, कुदाहातु, ढकवा जंगल, सिंगाबेड़ा, केदुवा, जुगीन्दा, डाऊवेड़ा और ईचाबुरू शामिल हैं।

बैठक में पंचायत समिति सदस्य नीति तिरिया के अलावा विक्रम तिरिया, साधु तिरिया, भूषण तिरिया, तुरी दिग्गी, दसमती तिरिया, राजनि तिरिया, अनीता पूर्ति और सुशीला तिरिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More