Pakur News: NEET परीक्षा 2026 को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने की हाई-लेवल समीक्षा

पाकुड़: आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (NEET) परीक्षा 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। डिस्ट्रिक्ट सी.एम. स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (बालिका), पाकुड़ में 188 तथा पाकुड़ पॉलिटेक्निक में 360 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस प्रकार कुल 548 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा का आयोजन अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक किया जाएगा। परीक्षार्थियों का प्रवेश पूर्वाह्न 11:00 बजे से प्रारंभ होगा तथा अपराह्न 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
बैठक के दौरान उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर सख्त निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या कदाचार की संभावना को पूरी तरह समाप्त करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, सतत निगरानी, प्रवेश द्वार पर सघन जांच एवं पहचान पत्र के अनिवार्य सत्यापन का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि कोई भी परीक्षार्थी चिट-पुर्जा, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश न करें। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस महत्वपूर्ण परीक्षा को पूर्णतः कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा संचालन निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप हो तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि रिपोर्टिंग समय, सुगम प्रवेश, परीक्षा अवधि के दौरान विधि- व्यवस्था बनाए रखने तथा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षार्थियों को बिना किसी असुविधा के परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि परीक्षार्थी केवल एडमिट कार्ड एवं वैध फोटो पहचान पत्र के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे। किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, स्टेशनरी सामग्री, आभूषण अथवा अन्य प्रतिबंधित वस्तु परीक्षा केंद्र में ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा। परीक्षा केंद्र परिसर में केवल परीक्षा संचालन से जुड़े पदाधिकारी, वीक्षक एवं अधिकृत कर्मियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। उन्होंने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचकर केंद्राधीक्षक के निर्देशानुसार आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पाकुड़, अंचलाधिकारी पाकुड़, भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता एवं केंद्राधीक्षक उपस्थित थे।


