Palamu News: पतंजलि योगपीठ के बैनर तले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज

छतरपुर: पतंजलि योगपीठ के बैनर तले 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हर साल 21 जून को दुनियाभर में इंटरनेशनल योगा डे मनाया जाता है। योग सिर्फ एक एक्सरसाइज नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का एक प्रभावी तरीका है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और बढ़ते तनाव के बीच योग का महत्व काफी बढ़ गया है, क्योंकि यह न सिर्फ स्ट्रेस को कम करता है, बल्कि शरीर को फिट और दिमाग को शांत रखने में भी मदद करता है।
हर साल योग दिवस को एक खास थीम के साथ मनाया जाता है, जो लोगों को जागरूक करने का काम करती है. इस योग दिवस को सफल बनाने के लिए प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। जिसमें पंचायत भवन कउवल, कृषि भवन रामगढ़, भारत माता चौक छतरपुर, हाई स्कूल छतरपुर, दुर्गा माता चौक रामगढ़, समेत पूरे नगर का ग्रामीण इलाका एवं मुख्य पथ का भ्रमण किया गया। प्रभात फेरी के माध्यम से सभी नगर वासियों को आगामी योग दिवस में शामिल होने के लिए जागरूक किया गया।
वहीं 21 जून 2026 (रविवार) को रामगढ़ कउवल पंचायत भवन, छतरपुर हाई स्कूल मैदान, किसान भवन रामगढ़ में भव्य योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 6:30 बजे से 7:30 बजे तक योग शिविर संचालित होगा। पतंजलि परिवार छतरपुर द्वारा आयोजित इस योग शिविर में नगर पंचायत क्षेत्र के सभी नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं योग साधकों से समय पर पहुंचकर योगाभ्यास में भाग लेने की अपील की गई है। आयोजकों और साधकों का कहना है कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम की तैयारी को लेकर आयोजित बैठक में योग शिक्षक एवं योग साधकों ने व्यापक चर्चा की तथा सफल आयोजन का संकल्प लिया। बैठक में विजय कुमार गुप्ता, महेश यादव, भोला यादव, रजनीश कुमार, बीरेंद्र प्रसाद, संजय प्रसाद, नीरज कुमार, राजकिशोर प्रसाद, विश्वनाथ सिंह, अशोक प्रसाद, प्रदीप कुमार, शिवशंकर प्रसाद, योगेंद्र विश्वकर्मा, राजेश्वर राम, विनोद यादव, आलोक ठाकुर, रमजान अली, संदीप विश्वकर्मा, सुदर्शन प्रजापति, कमलेश यादव, हरिहर यादव सहित बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि “करें योग, रहें निरोग” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी लोगों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योग दिवस को सफल बनाने की अपील की है।


