Pakur News: गिट्टी लदा अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे पलटा, बाल-बाल बची चालक की जान

पाकुड़िया: पाकुड़िया-दुमका मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। थाना क्षेत्र के लकड़ापहाड़ी के समीप गिट्टी से लदा एक 18 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया और 33 केवी बिजली पोल से जा टकराया। दुर्घटना में चालक सहित किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर दुमका की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रेलर सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। वाहन के पलटने से 33 केवी का बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने तथा यातायात व्यवस्था सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। वहीं बिजली विभाग की टीम भी क्षतिग्रस्त पोल की मरम्मत और विद्युत आपूर्ति बहाल करने में जुट गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।


