Sahebganj News: संथाल परगना पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता में देवघर जिला बल बना ओवरऑल चैंपियन

साहिबगंज: संथाल परगना क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का तीन दिवसीय आयोजन बुधवार की देर शाम पुलिस लाइन मैदान में रंगारंग समापन के साथ खत्म हो गया। शानदार प्रदर्शन के दम पर देवघर जिला बल ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता, जबकि मेजबान साहिबगंज जिला बल उपविजेता रहा।
समापन समारोह में डीआईजी (संथाल परगना रेंज) अंबर लकड़ा, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिल कुमार समेत अन्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर डीआईजी ने आगामी खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन के लिए जामताड़ा जिला को खेल ध्वज सौंपा।
अपने संबोधन में डीआईजी अंबर लकड़ा ने पुलिसकर्मियों से नियमित खेलकूद में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक मजबूती और बौद्धिक क्षमता के विकास का अहम माध्यम है। डीआईजी ने नशा उन्मूलन पर जोर देते हुए कहा कि तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहें। स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाकर समाज को नशामुक्त बनाने में योगदान दें।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन एथलेटिक्स, बैडमिंटन क्रिकेट, फुटबॉल समेत कई खेलों के फाइनल मुकाबले खेले गए। समापन पर संथाल परगना के सभी छह जिलों के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। देर शाम को आतिशबाजी के साथ प्रतियोगिता का समापन हुआ।
इस दौरान तकनीकी पदाधिकारियों, टीम मैनेजरों और अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में साहिबगंज आरक्षी अधीक्षक अमित कुमार सिंह, देवघर और जामताड़ा के आरक्षी अधीक्षक सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, खेल प्रेमी, गणमान्य नागरिक, खेल अधिकारी और खिलाड़ी मौजूद थे।


