Giridih News: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बरगंडा में नवकन्या पूजन व परीक्षा परिणाम वितरण समारोह

गिरिडीह: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में गुरुवार को भक्ति, संस्कार और प्रतिभा का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर में नवकन्या पूजन समारोह एवं अर्द्धवार्षिक परीक्षा परिणाम वितरण समारोह का आयोजन किया गया। गायत्री दीदी के कुशल दिशा-निर्देशन एवं शिशु वर्ग के प्रमुख कल्पना दीदी सहित समस्त दीदी जी के अथक परिश्रम से यह आयोजन सफल रहा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शिशु वर्ग की नन्हीं बहनों द्वारा माँ दुर्गा के नौ दिव्य स्वरूपों – शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री के रूप में दी गई मनोहारी प्रस्तुति रही। नन्हीं कन्याओं की मनमोहक छवि ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सभी आचार्य जी,दीदी जी ने माता के नौ रूपों का विधिवत् पूजन भी किया।इस अवसर पर प्रधानाचार्य आनंद कमल ने अपने उद्बोधन में कहा कि कन्या पूजन केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि नारी शक्ति के प्रति हमारे सम्मान का जीवंत प्रतीक है। प्रत्येक कन्या में माँ दुर्गा का वास है। हम बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देना चाहते हैं ताकि वे भारतीय संस्कृति के सच्चे वाहक बन सकें। साथ ही आज अर्द्धवार्षिक परीक्षा- 2026 ,कक्षा अरुण से द्वादश तक के सभी भैया-बहनों को प्रगति पत्र प्रदान किया गया।
प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी भैया – बहनों को को प्रधानाचार्य आनंद कमल एवं मुख्य अतिथि प्रवासी कार्यकर्ता सलमान होजाई जी द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। होजाई जी ने बच्चों को निरंतर अभ्यास और अनुशासन का मंत्र दिया। वहीं प्रधानाचार्य आनंद कमल ने कहा कि अर्द्धवार्षिक परीक्षा परिणाम बच्चों की मेहनत का आइना है, सभी बच्चों को इससे प्रेरणा लेकर और अधिक परिश्रम करना चाहिए। मंच संचालन आचार्य अजित मिश्र जी के द्वारा किया गया।


