Hazaribagh News: उपायुक्त हेमंत सती ने की पेयजल और स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा

हजारीबाग: उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में स्वच्छ भारत मिशन एवं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के उप विकास आयुक्त रिया सिंह, प्रशिक्षु आईएएस पूर्वा अग्रवाल मौजूद थी।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी कनीय अभियंताओं से गत सप्ताह किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति की स्थिति को धरातल पर और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता है। इसके लिए क्षेत्रीय समस्याओं एवं उनके समाधान पर नियमित चर्चा और समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।
उपायुक्त ने विशेष रूप से सिंगल विलेज स्कीम की प्रगति, उसकी सफलता के विभिन्न अवयवों तथा कार्य प्रणाली में सुधारात्मक पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जन-सरोकारों से जुड़ी योजना है, जिसके सफल क्रियान्वयन के लिए छोटे-छोटे गांवों तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के प्रयासों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में पेयजल की समस्या अधिक है, वहां चिन्हित कर डीप बोरिंग कराई जाए तथा घर-घर जलापूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जाए। उपायुक्त ने बताया कि प्रथम चरण में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में तीन-तीन गांवों का चयन कर जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हजारीबाग में बोरिंग मशीन उपलब्ध है, इसलिए जरूरतमंद क्षेत्रों का चयन कर शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इसके लिए सभी कनीय अभियंताओं को ऐसे ग्रामों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि गांवों की मूलभूत आवश्यकताएं सड़क, पानी एवं बिजली हैं। इन बुनियादी सुविधाओं की प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित कर ही विकास योजनाओं को सफल बनाया जा सकता है। बैठक में मल्टी विलेज स्कीम्स की भी समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने सभी कनीय अभियंताओं एवं जिला समन्वयक से योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
साथ ही उपायुक्त ने जल सहियाओं के माध्यम से संचालित वॉटर टेस्टिंग अभियान की समीक्षा की तथा विभिन्न क्षेत्रों में दूषित पेयजल की स्थिति से संबंधित रिपोर्ट एवं ग्रामवार सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित की जा सके।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों एवं अभियंताओं को जल जीवन मिशन एवं पेयजल योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु समन्वय के साथ कार्य करने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। बैठक में विभाग कार्यपालक अभियंता पेयजल अनिल कुमार,सभी कनीय अभियंता, जिला समन्वयक एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


