झारखंड राज्यसभा चुनाव में बढ़ा सस्पेंस! BJP के बाद अब कांग्रेस को भी हॉर्स ट्रेडिंग का डर?

झारखंड राज्यसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। संभावित खरीद-फरोख्त की आशंका के बीच कांग्रेस अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए होटल में ठहराने की रणनीति पर काम कर रही है।

Jharkhand Rajya Sabha Election: विधायकों की संभावित खरीद-फरोख्त (Horse Trading) को लेकर झारखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक राज्यसभा चुनाव से ठीक एक दिन पहले कांग्रेस अपने विधायकों को एकजुट और सुरक्षित रखने के लिए रांची के एक होटल में स्थानांतरित करने की योजना बना रही है।

रांची के होटल बने राजनीतिक गढ़

झारखंड राज्यसभा चुनाव 2026 से पहले रांची के होटल राजनीतिक गतिविधियों के केंद्र बन गए हैं। एनडीए के विधायक पहले ही रांची के रेडिनसन ब्लू होटल में डेरा जमा चुके हैं। अब महागठबंधन के विधायक भी इसी राह पर चलते नजर आ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस वोटिंग से एक दिन पहले बुधवार को अपने विधायकों को राजधानी के एक होटल में भेज सकती है। किसी भी अनिश्चितता से बचने के लिए विपक्षी राजग पहले ही अपने विधायकों को होटल में सुरक्षित कर चुका है।


सीएम के आवास पर फिर होगी रणनीतिक बैठक

कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने जानकारी दी कि राज्य की दो राज्यसभा सीटों के लिए चुनावी रणनीति तय करने को लेकर ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी विधायक बुधवार शाम मुख्यमंत्री आवास पर बैठक करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार कांग्रेस अपने विधायकों को दिन के समय ही एक सुरक्षित स्थान पर भेजने की व्यवस्था करेगी।

हालांकि कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने इसे अलग तरह से पेश किया। उनके अनुसार विधायक केवल उसी होटल में जाएंगे जहां पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक ठहरे हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि विधायकों को होटल में रखने की कोई योजना नहीं है और गठबंधन के पास पर्याप्त संख्याबल है।


झारखंड की दो राज्यसभा सीटों पर किसकी होगी जीत?

राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए प्रत्येक उम्मीदवार को न्यूनतम 28 प्रथम वरीयता मत हासिल करने होंगे। 18 जून को होने वाले इस चुनाव में झारखंड विधानसभा में भाजपा नेतृत्व वाले राजग के पास 24 विधायक हैं, जबकि ‘इंडिया’ गठबंधन के पास 56 विधायकों का समर्थन है।

दो सीटों के लिए मैदान में तीन उम्मीदवार हैं झामुमो की ओर से बैद्यनाथ राम, कांग्रेस की ओर से प्रणव झा और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी। राजग के विधायकों को मंगलवार को ही होटल में स्थानांतरित कर दिया गया था, जबकि ‘इंडिया’ गठबंधन के विधायकों ने उसी दौरान मतदान का अभ्यास किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बताया कि यह मॉक वोटिंग विधायकों को मतदान प्रक्रिया से परिचित कराने के उद्देश्य से कराई गई।

दूसरी ओर सत्तारूढ़ झामुमो ने दावा किया कि एनडीए के पास परिमल नथवानी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या नहीं है। जेएमएम नेताओं का यह भी दावा है कि एनडीए के पांच विधायक उनके संपर्क में हैं और क्रॉस वोटिंग के लिए तैयार हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More