Giridih News: कन्या उच्च विद्यालय मिर्जागंज में विश्व हाथ धुलाई दिवस का भव्य आयोजन

गिरिडीह: स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरण का अलख जगाते हुए जमुआ प्रखंड अंतर्गत कन्या उच्च विद्यालय मिर्जागंज के प्रांगण में ‘विश्व हाथ धुलाई दिवस’ का आयोजन अत्यंत उत्साह, उमंग और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में व्यक्तिगत आरोग्य और स्वच्छता की आदत विकसित करना था, जिसमें पूरा विद्यालय परिवार स्वच्छता के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेचुरल लीडर चंदन कुमार, मास्टर जल सहिया गुड़िया देवी, हेमंती देवी, जल सहिया प्रीति सिंह, आशा सिन्हा, सुलोचना देवी, समाजसेवी रविंद्र कुमार सिंह एवं विद्यालय के शिक्षकों ने छात्राओं को संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए साबुन से हाथ धोने के वैज्ञानिक चरणों की बारीकियां समझाईं।
वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से सही तरीके से हाथ धोने की एक छोटी सी आदत हमें कई गंभीर बीमारियों से बचा सकती है। यह एक छोटा प्रयास है, लेकिन इसका परिणाम बहुत बड़ा है। स्वच्छता ही जीवन का आधार है और स्वच्छ हाथों से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। वक्ताओं ने हाथ धुलाई के 6 स्टेप्स का लाइव डेमो भी दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने न केवल अनुशासित तरीके से हाथ धोने का व्यावहारिक अभ्यास किया, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन में उतारने और समाज के हर कोने तक इस संदेश को पहुँचाने का संकल्प लिया। छात्राओं ने कहा कि वे अब अपने घर, परिवार और गांव में भी लोगों को हाथ धुलाई के महत्व के बारे में बताएंगी।
प्रखंडभर के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में दिखा उत्साह
इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देते हुए प्रखंड स्वच्छता समन्वयक अमित प्रसाद वर्मा के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में जमुआ प्रखंड के सभी गांवों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए।
अमित प्रसाद वर्मा के नेतृत्व में प्रखंड की सभी जल सहिया ने अपने-अपने आवंटित गांवों के प्राथमिक व मध्य विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर इस आयोजन को बेहद प्रभावी और सुचारू रूप से संपन्न कराया। हर स्कूल में बच्चों को साबुन से हाथ धुलवाकर स्वच्छता का पाठ पढ़ाया गया।
विद्यालय परिवार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जल सहियाओं की इस सक्रिय भागीदारी और सराहनीय प्रयास ने पूरे जमुआ प्रखंड में स्वच्छता की एक नई मिसाल कायम की है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वच्छता को अपनी आदत बनाने की शपथ ली।


