बिहार से दोस्त का जन्मदिन मनाने आए थे युवक, तिलैया डैम में नहाने के दौरान डूबकर दो युवक की मौत

कोडरमा: जिले के तिलैया डैम में गुरुवार को जन्मदिन की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब नहाने के दौरान दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। दोनों बिहार से अपने दोस्त का जन्मदिन मनाने आए थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर बरही पुलिस पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों के शव बाहर निकलवाए।

जानकारी के अनुसार, बिहारशरीफ और पटना के पांच युवक गुरुवार को हटिया-पटना एक्सप्रेस से कोडरमा पहुंचे थे। इनमें सागर कुमार का जन्मदिन था। दोस्तों ने परिजनों को पारसनाथ घूमने जाने की बात बताई थी, लेकिन कोडरमा पहुंचने के बाद सभी ऑटो से तिलैया डैम चले गए। वहां जन्मदिन मनाने के बाद वे डैम से सटे तिलैया बस्ती गांव की ओर गए और नहाने के लिए पानी में उतर गए।

इसी दौरान दीपक कुमार (21) और प्रीतम अभिषेक (20) गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तैरना नहीं आने के कारण वे सफल नहीं हो सके। मौके पर मौजूद मछुआरों ने तत्परता दिखाते हुए दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दीपक और प्रीतम की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बरही पुलिस मौके पर पहुंची।

स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस तीनों साथियों के साथ शवों को बरही अनुमंडल अस्पताल ले गई। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना के संबंध में मृतकों के साथ आए युवकों से पूछताछ कर रही है। मृतकों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More