Dumka News: प्रमुख बाबूलाल मुर्मू की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक संपन्न

रामगढ़: प्रखंड कार्यालय सभागार में मंगलवार को प्रमुख बाबूलाल मुर्मू की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न पंचायतों के पंचायत समिति सदस्य तथा प्रखंड स्तरीय विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। बैठक में क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सभी पंचायतों से खराब पड़े जलमीनार एवं चापाकलों की अद्यतन सूची शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि आवश्यक मरम्मति कार्य प्रारंभ कर ग्रामीणों को सुचारू पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
इसके अलावा आगामी 29 एवं 30 जून को आयोजित होने वाले सघन पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई। पंचायत समिति सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो की दवा पिलवाना सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।बैठक के दौरान मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, 15वें वित्त आयोग सहित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
संबंधित विभागों को लंबित योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।बैठक में प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी (बीसीईओ) की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी ने उनसे स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। साथ ही सभी विभागीय पदाधिकारियों को पंचायत समिति की बैठकों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया।
अध्यक्षीय संबोधन में प्रमुख बाबूलाल मुर्मू ने पंचायत समिति सदस्यों से क्षेत्रीय समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर प्रखंड प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े कार्यों का निष्पादन त्वरित एवं प्रभावी ढंग से किया जाएगा। बैठक का समापन विकास कार्यों में समन्वय और जनसेवा को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।


