ढाब गांव में काम करने के दौरान सांप के काटने से महिला की दर्दनाक मौत

सतगावां: थाना क्षेत्र के कटैया पंचायत अंतर्गत ग्राम ढाब में गुरुवार की अहले सुबह काम करने के दौरान एक महिला की सर्पदंश से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से मृतका के परिवार और पूरे गांव में मातम पसर गया है। मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान तुलसी यादव की 27 वर्षीय पुत्री पुष्पा देवी के रूप में हुई है। मृतका दो दिन पूर्व ही अपने मायके ग्राम ढाब आई थी। उसका ससुराल खूंटा पंचायत के योगीडीह गांव में था, और उसके पति का नाम मुकेश यादव है।
पुष्पा देवी अपने पीछे दो मासूम बच्चों बड़ा पुत्र निशांत 7 वर्ष और छोटा पुत्र निकू 4 वर्ष को रोता बिलखता छोड़ गई है। घटना के संबंध में बताया गया कि गुरुवार अहले सुबह काम करने के दौरान पुष्पा देवी को कोबरा सांप ने डंस लिया, जिससे उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने आनन फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया।
हालांकि सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया।घटना के बाद परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है। उनका आरोप है कि समय रहते एंटी वेनम न मिलने के कारण यह दुर्घटना घटी है। ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल में काफी देर करने के बाद एंटी वेनम दिया गया और फिर रेफर किया गया, जिससे समूची प्रक्रिया में विलंब हुआ और महिला की जान चली गई।इस हृदयविदारक घटना से मृतका के मायके और ससुराल दोनों जगहों पर शोक की लहर दौड़ गई है ।।


