Giridih News: तेज रफ्तार बाइकों की सीधी भिड़ंत में बासुदेव मंडल की मौत, दूसरा युवक गंभीर

सरिया-बगोदर मुख्य मार्ग पर प्रखंड मुख्यालय के सामने बुलेट और अपाचे बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में नगर केशवारी निवासी बासुदेव मंडल की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल श्रीरामडीह निवासी सचिन कुमार को बगोदर CHC में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है।

गिरिडीह: सोमवार की शाम सरिया-बगोदर मुख्य मार्ग पर प्रखंड मुख्यालय के ठीक सामने एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ दो तेज रफ्तार बाइकों (बुलेट और अपाचे) के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दूसरा युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

मृतक की पहचान सरिया थाना क्षेत्र के नगर केशवारी निवासी लगभग 50 वर्षीय बासुदेव मंडल (उर्फ धोनी) के रूप में की गई है। वहीं, इस हादसे में अपाचे बाइक पर सवार सरिया के श्रीरामडीह निवासी युवक सचिन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया है। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बासुदेव मंडल अपनी बुलेट पर सवार होकर सरिया बाजार की दिशा से सरिया ब्लॉक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बगोदर की दिशा से आ रही तेज रफ्तार अपाचे बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ही बाइकों के परखच्चे उड़ गए और तेज आवाज सुनकर आस-पास के लोग सहम गए। 

दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने इंसानियत और तत्परता दिखाते हुए तुरंत दोनों घायलों को संभाला और इलाज के लिए बगोदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भिजवाया। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने बासुदेव मंडल (धोनी) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक सचिन कुमार की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए तुरंत धनबाद रेफर कर दिया है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More