खंडोली डैम में जल सुरक्षा जागरूकता अभियान, बच्चों और युवाओं को दी गई सतर्क रहने की सीख

गिरिडीह जिले के प्रसिद्ध खंडोली डैम में गर्मी के मौसम में बढ़ती भीड़ और जल दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जल सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभिव्यक्ति फाउंडेशन के समता फेलो नवीन कुमार उर्फ नवीन राज टाइगर ने बच्चों और युवाओं को गहरे पानी के खतरों से अवगत कराया।

गिरिडीह: गर्मी के मौसम में गिरिडीह जिले के प्रसिद्ध खंडोली डैम में बड़ी संख्या में बच्चे एवं युवा नहाने और घूमने पहुंच रहे हैं। इसी को देखते हुए बेंगाबाद प्रखंड के करणपुर पंचायत अंतर्गत खंडोली डैम में जल सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान अभिव्यक्ति फाउंडेशन के समता फेलो नवीन कुमार उर्फ नवीन राज टाइगर द्वारा संचालित किया गया।

अभियान के दौरान नवीन राज टाइगर ने देखा कि कई छोटे-छोटे बच्चे गहरे पानी में नहा रहे थे। वहीं कुछ बच्चे ऐसे भी थे जिन्हें तैरना नहीं आता था, बावजूद इसके वे बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के पानी में उतर रहे थे। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने बच्चों एवं युवाओं को रोककर जल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

उन्होंने बच्चों और युवाओं को समझाया कि किसी भी डैम, नदी या तालाब में नहाते समय विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। बिना किसी बड़े व्यक्ति की निगरानी के गहरे पानी में जाना जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में अक्सर लोग लापरवाही कर बैठते हैं, जिससे दुर्घटनाएं होने की संभावना बढ़ जाती है।

इस दौरान कई बच्चों ने बताया कि वे प्रतिदिन घर में बिना बताए डैम में नहाने के लिए पहुंच जाते हैं। इस पर उन्हें समझाया गया कि इस तरह की लापरवाही कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। बच्चों को यह भी बताया गया कि जिन्हें तैरना नहीं आता, उन्हें गहरे पानी से पूरी तरह दूर रहना चाहिए।

अभियान के दौरान लोगों को वाटर सेफ्टी जैकेट (लाइफ जैकेट) के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि बोटिंग या पानी से जुड़ी किसी भी गतिविधि के दौरान लाइफ जैकेट पहनना बेहद जरूरी है। आपातकालीन स्थिति में यही जैकेट लोगों की जान बचाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

नवीन राज टाइगर ने कहा कि जल सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाना समय की मांग है। यदि समय रहते लोगों को सावधान नहीं किया गया, तो भविष्य में बड़ी घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें और बिना जानकारी के उन्हें डैम या गहरे पानी वाले स्थानों पर न जाने दें।

लोगों को जागरूक करने और सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से पूरे अभियान का वीडियो भी बनाया गया, ताकि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से लोगों को जल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More