Hazaribagh News: उपायुक्त हेमंत सती ने की स्वास्थ्य विभाग की व्यापक समीक्षा, दिए कई कड़े निर्देश
-1024x614.jpeg)
हजारीबाग: उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पतालों की आधारभूत संरचनाओं तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने हाल के दिनों में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निरीक्षण के क्रम में व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु दिए गए निर्देशों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने बिजली व्यवस्था, साफ-सफाई, पार्किंग, सोलर पैनल की मरम्मत एवं संचालन, मरीजों एवं परिजनों के लिए बैठने की व्यवस्था, कूलर, पंखे सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में अब तक प्रारंभ किए गए कार्यों की जानकारी प्राप्त की। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि निर्देशानुसार कार्यों को नियमित रूप से व्यवस्थित किया जा रहा है तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासनिक कार्यपद्धति अपनाते हुए समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर प्रबंधन एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बैठक में ब्लड बैंक की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने रक्त की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की तथा नियमित रूप से पर्याप्त रक्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सदर अस्पताल में ब्लड सेपरेटर मशीन के अधिष्ठापन की स्वीकृति प्रदान करते हुए कहा कि वर्तमान में रक्त अवयव पृथक्करण के लिए हजारीबाग से रांची भेजना पड़ता है, जिससे समय की अधिक आवश्यकता होती है। सदर अस्पताल में इस मशीन की स्थापना से मरीजों को त्वरित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी।
उपायुक्त ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई को विशेष महत्व देते हुए इस पर अतिरिक्त ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ अस्पताल परिसर मरीजों के बेहतर उपचार एवं स्वास्थ्य लाभ के लिए अत्यंत आवश्यक है। बैठक में आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की समीक्षा की गई तथा पात्र लाभुकों तक योजना का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए गए। साथ ही संस्थागत प्रसव के प्रतिशत में वृद्धि लाने हेतु आवश्यक प्रयास तेज करने को कहा गया।
टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिले में वर्तमान टीबी मरीजों की संख्या, उपचार की स्थिति तथा सरकार द्वारा संचालित कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि जो मरीज टीबी से पूर्णतः स्वस्थ हो चुके हैं, उन्हें कार्यक्रम का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाए, ताकि वे अपने अनुभव साझा कर अन्य मरीजों को उपचार के प्रति प्रेरित कर सकें तथा समाज में जागरूकता बढ़ाई जा सके।
उपायुक्त ने सहिया की नियुक्ति की स्थिति की भी समीक्षा की तथा रिक्त पदों को शीघ्र भरने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखंडों के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) एवं हेल्थ सब-सेंटरों की अद्यतन स्थिति, उपलब्ध संसाधनों एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।
बैठक में उपस्थित सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्रों में बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था हेतु सोलर सिस्टम की स्थापना, एंबुलेंस की उपलब्धता, चिकित्सकों के रिक्त पदों की पूर्ति तथा आवश्यक उपकरणों के अधिष्ठापन की आवश्यकता की ओर उपायुक्त का ध्यान आकृष्ट कराया। इस पर उपायुक्त ने आवश्यक उपकरणों एवं सामग्रियों की आपूर्ति तथा अधिष्ठापन की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त रिया सिंह, मेडिकल सुपरिटेंडेंट, सिविल सर्जन, सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


