मां विंध्यवासिनी मंदिर के दान पात्रों से निकले 18.27 लाख रुपये, प्रशासन ने कराई गणना

मीरजापुर: मां विंध्यवासिनी मंदिर में स्थापित दान पेटिकाओं से बुधवार को श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित धनराशि की गणना की गई। कुल 11 दान पेटिकाओं से 18 लाख 27 हजार 523 रुपये प्राप्त हुए, जिन्हें नियमानुसार विंध्य विकास परिषद के पदेन अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी के खाते में भारतीय स्टेट बैंक की विंध्याचल शाखा में जमा करा दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह मंदिर परिक्रमा मार्ग स्थित 18 नंबर दान पात्र से धुआं और आग लगने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। नगर मजिस्ट्रेट के निर्देश पर संबंधित दान पात्र के साथ अन्य दान पेटिकाओं को भी खोलकर उनकी जांच और धनराशि की गणना कराई गई।
नायब तहसीलदार गरिमा यादव की निगरानी में 11 दान पेटिकाओं को खोला गया। दान राशि की गिनती मंदिर परिसर की छत पर स्थित श्री विंध्य पंडा समाज कार्यालय में पुलिस सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में की गई, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुरक्षित बनी रही।
गणना पूरी होने के बाद प्राप्त धनराशि को भारतीय स्टेट बैंक, विंध्याचल शाखा में जमा कराया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।
इस दौरान राजस्व कर्मी सूरज सोनकर, विजय शंकर दुबे, हरेंद्र दुबे, अनिल सोनकर, राकेश सोनकर, महेश सोनकर, चंद्रमणि तिवारी, शिव चौरसिया और घनश्याम पांडे सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे तथा गणना कार्य में सहयोग किया।


