पलामू वॉरियर्स ने रचा इतिहास, झारखंड की पहली विमेंस प्रीमियर लीग का खिताब जीता

पलामू: झारखंड में पहली बार हो रहे विमेंस प्रीमियर लीग के खिताबी मुकाबले में पलामू वॉरियर्स की टीम ने कोल्हान डायनामोज को हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पलामू वॉरियर्स ने फाइनल मुकाबले में कोल्हान डायनामोज को 43 रन से पराजित किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पलामू वॉरियर्स की टीम ने 19.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 143 रन बनाए। जवाबी पारी खेलने उतरी कोल्हान डायनामोज की पूरी टीम 16.4 ओवर में 100 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह पलामू के लिए गर्व का ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि झारखंड की पहली विमेंस प्रीमियर लीग का खिताब जीतने पर पलामू वॉरियर्स की पूरी टीम, कोचिंग स्टाफ और प्रबंधन टीम बधाई की पात्र है। खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन और टीम भावना से पूरे पलामू को गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि महिला क्रिकेट के क्षेत्र में झारखंड सहित पलामू के लिए नई प्रेरणा बनेगी।
वहीं, पलामू झामुमो के नेता सन्नी शुक्ला ने कहा कि पलामू वॉरियर्स ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर पूरे पलामू का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ एक टीम की नहीं, बल्कि उन सभी सपनों, संघर्षों और विश्वास की जीत है, जिन्होंने इस सफर को संभव बनाया। कुछ दिन पहले यह जिद थी कि पलामू की भी अपनी टीम होगी। इसी सोच और संकल्प को लेकर सौरभ तिवारी से मुलाकात हुई थी और आज वही सपना चैंपियन के रूप में साकार होकर सामने है। उन्होंने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ, प्रबंधन टीम और इस अभियान से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी।
झामुमो नेता एवं क्रिकेट प्रेमी आशुतोष विनायक ने भी टीम को बधाई देते हुए कहा कि पलामू वॉरियर्स ने झारखंड की पहली विमेंस प्रीमियर लीग का खिताब जीतकर पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है। यह जीत खिलाड़ियों की मेहनत, संघर्ष और टीम भावना का शानदार परिणाम है।
पलामू के ख्यातिप्राप्त क्रिकेट कॉमेंटेटर आशुतोष उर्फ ए.पी. लक्की ने कहा कि यह जीत महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का हौसला देगी और मेहनत के दम पर सफलता हासिल करने की प्रेरणा भी प्रदान करेगी।
फाइनल मुकाबले में आरती कुमारी को मोमेंट्स बेस्ट इकोनॉमी बॉलर का अवॉर्ड दिया गया। वहीं चांदमुनी पूर्ति को सर्वाधिक छक्के लगाने का पुरस्कार मिला। फाइनल मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए आकांक्षा टोप्पो को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस ऐतिहासिक जीत को लेकर पलामू सहित पूरे झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।


