पीजी पोर्टल की शिकायतों के निपटारे में पुलिस का रिकॉर्ड, 376 मामलों का हुआ निस्तारण

धनबाद: आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान को प्राथमिकता देते हुए धनबाद पुलिस ने पीजी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देशन एवं सतत निगरानी के कारण ऑनलाइन शिकायतों के निष्पादन में ऐतिहासिक तेजी दर्ज की गई है।
पुलिस विभाग के अनुसार मई 2025 के अंत तक पीजी पोर्टल पर 39 शिकायतें लंबित थीं। इसके बाद 1 जून 2025 से 31 मई 2026 के बीच 359 नई शिकायतें प्राप्त हुईं। इस प्रकार कुल 398 शिकायतें निष्पादन के लिए उपलब्ध थीं। इनमें से 376 मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को आवश्यक राहत प्रदान की गई है, जबकि शेष 22 मामलों में जांच, सत्यापन एवं अन्य विभागीय प्रक्रियाएं जारी हैं।
धनबाद पुलिस का दावा है कि एक वर्ष के दौरान प्राप्त शिकायतों की तुलना में लगभग 104 प्रतिशत मामलों का निष्पादन किया गया है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड उपलब्धि है। अधिकारियों के अनुसार पुराने लंबित मामलों के निपटारे के कारण यह आंकड़ा संभव हो सका है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी थाना प्रभारियों और संबंधित शाखा के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पीजी पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस ने शेष 22 शिकायतों के निस्तारण का लक्ष्य 20 जून से पूर्व निर्धारित किया है, ताकि आम लोगों का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हो सके।


