Deoghar News: नगर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियार के साथ 5 संगठित अपराधी गिरफ्तार

देवघर नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फॉर्नेक्स कार सवार पांच संगठित अपराधियों को गिरफ्तार कर शहर में एक बड़ी वारदात को टाल दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त कार (JH15AP-5093) बरामद की है।

देवघर: नगर थाना पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे पांच संगठित अपराधियों को गिरफ्तार कर एक संभावित वारदात को समय रहते विफल कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त एक सफेद रंग की फॉर्नेक्स कार (JH15AP-5093) बरामद की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 जून 2026 को नगर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक शंकर कुमार रजक को गुप्त सूचना मिली कि कुछ अपराधी एक वाहन में सवार होकर देवघर शहर में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध फॉर्नेक्स कार को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके बाद वाहन में सवार पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शैलेश कुमार दास, अरविंद कुमार दास, गोलू महतो उर्फ गोलू पासी, लल्ला उर्फ विजय तथा रोहन उर्फ पिंटू के रूप में हुई है। सभी आरोपी देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

इस संबंध में देवघर नगर थाना कांड संख्या 216/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 308(2), 111(2), 111(3), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बीए), 26 और 35 के तहत मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी राजीव कुमार के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक शंकर कुमार रजक, धनश्याम गोंझू, नरेन्द्र कुमार तिवारी, सुमन प्रसाद, सुरज कुमार तथा नगर थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में आगे की जांच जारी है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More