बीडीओ राजेश सिन्हा की अध्यक्षता में कनीय अभियंताओं और पंचायत सचिवों की समीक्षा बैठक

रानीश्वर: प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, रानीश्वर राजेश कुमार सिन्हा के द्वारा मंगलवार को प्रखण्ड कार्यालय कक्ष में सभी कनीय अभियंता और सभी पंचायत सचिव के साथ समीक्षा बैठक किया गया। सर्वप्रथम विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य पर ग्राम पंचायत स्तर में 05 जून 2026 को विशेष ग्राम सभा का आयोजन करने का निदेश सभी पंचायत सचिव को दिया गया । विशेष ग्राम सभा का आयोजन का मुख्य विषय पर्यावरण एवं स्वच्छता, ठोस एवं प्लास्टिक अपशिष्ट तथा कम्पोस्टिंग, जल संरक्षण, जन भागीदारी आदि विषयो में विशेष फोकस करने निदेश दिया गया।
इसके अतिरिक्त रानीश्वर प्रखण्ड अन्तर्गत कुल 9 पंचायत में ठोस कचड़ा प्रबंधन हेतु चिन्हित किया गया है। उक्त पंचायत में ग्राम सभा करते हुए ठोस कचड़ा उठाव करने वाले कर्मी एवं स्थल का चयन कर लिया गया है। साथ ही आदिम जनजाति समुदाय वाले वैसे गाँवों में जहाँ बोरिंग गाड़ी पहुँचने में कठिनाई होती है, वैसे सभी ग्रामों में पक्की सड़क बनाने हेतु प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निदेश सभी पंचायत सचिव को दिया गया ताकि ससमय प्रतिवेदन तैयार कर जिला को भेजा जा सके।
भीषण गर्मी को देखते हुए ग्राम पंचायत अन्तर्गत सभी खराब चापाकल एवं जलमीनार मरम्मति की समीक्षा की गयी जिसमें सभी पंचायत सचिव को पेयजल के स्रोतों पर विशेष फोकस करने का निदेश दिया गया ताकि ग्रामीणों को पेयजल समस्या का सामना न करना पड़े। इसके अतिरिक्त 15वी वित्त आयोग मद में प्राप्त आवंटन के विरूद्ध पंचायत आसनबनी, बाँसकुली, बिलकांदी, कुमीरदाहा, पथरा, पाटजोर, रंगालिया, सुखजोड़ा तथा तालडंगाल में प्रखण्ड के व्यय प्रतिशत से कम है, एक सप्ताह के अन्दर योजनाओं को पूर्ण कराते हुए नियमानुसार भुगतान करते हुए व्यय प्रतिशत में सुधार लाने का निदेश दिया गया।
साथ ही अबुआ आवास योजना अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 में पंचायत आसनबनी, बाँसकुली, बिलकांदी, दक्षिणजोल, सादीपुर एवं तालडंगाल तथा वित्तीय वर्ष 2024-25 में पंचायत बाँसकुली, गोविन्दपुर, पथरा, सालतोला एवं सादीपुर पंचायत में तृतीय किस्त का भुगतान हो जाने के उपरान्त भी आवास पूर्ण नहीं किया गया है संबंधित पंचायत सचिव को लाभुक से संपर्क कर 15 दिनों के अन्दर आवास को पूर्ण कराने हेतु निदेशित किया गया।
इसके अतिरिक्त मनरेगा योजना अन्तर्गत आवास योजना में डिमाण्ड डालने हेतु पंचायत सचिव तथा योजनाओं में मजदूरों को डिमाण्ड डालने के लिए कनीय अभियंता को निदेशित किया गया। उक्त समीक्षा बैठक में प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, सहायक अभियंता, सभी कनीय अभियंता, प्रखण्ड वॉश कॉडिनेटर एस०बी०एम० एवं पंचायत सचिव उपस्थित थे।


