शिकारीपाड़ा की बंद पत्थर खदान में डूबा किशोर: पांचवें दिन भी नहीं मिला शव

दुमका: जिला के पत्थर औद्योगिक क्षेत्र शिकारीपाड़ा में बंद पत्थर खदानों में डूबकर मौत का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बिहार पटना से मंगलवार को पहुंची एनडीआरएफ की टीम भी बीते शुक्रवार को डूबे युवक की लाश को बाहर निकलने में सफल नहीं हो पाई। मिली जानकारी के अनुसार शिकारीपाड़ा प्रखंड के कर्माचूआ गांव निवासी 15 वर्षीय सुखदेव डेहरी अपनी मां के साथ नानी के घर गमार पहाड़ी आया था।
बीते शुक्रवार की शाम वह दतवन लेकर समीप के कादर पोखर मौजा स्थित एक बंद पत्थर खदान के समीप बैठकर दतवन कर रहा था।उसे मिर्गी की बीमारी थी, इस दौरान वह अकस्मात पानी के अंदर गिर गया।ग्रामीणों ने अपने स्तर से उसे निकालने का काफी प्रयास किया, परंतु जब लाश नहीं निकली तो परिजन एवं ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई।
प्रशासन द्वारा मंगलवार को बिहार से एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई। काफी प्रयास के बावजूद युवक की लाश नहीं निकालीं जा सकी। ज्ञात हो कि 2 सप्ताह पूर्व इसी थाना क्षेत्र के चित्रा गड़िया मौजा की एक बंद पत्थर खदान में डूब कर एक बच्चे की मौत हो चुकी है। जिसे एनडीआरएफ की टीम भी खोज कर नहीं निकाल पाई थी।सातवें दिन उस बच्चे का शव स्वत: पानी में तैरता पाया गया था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक लीज समाप्ति के पश्चात बंद पत्थर खदानों को खनन विभाग द्वारा निर्धारित माप दण्डों का पालन करते हुए उनके क्षेत्राधिकार का समर्पण लिया जाता तो आज इस प्रकार की घटनाएं नहीं घटती। इस प्रकार की घटनाओं के लिए जितने पूर्व के पत्थर खदान मालिक दोषी हैं, उससे ज्यादा खनन विभाग दोषी है। क्योंकि निर्धारित मापदंडों का पालन किए बगैर ही पत्थर खदान मालिकों से खनन विभाग द्वारा क्षेत्राधिकार का समर्पण ले लिया जाता है।


