Koderma News: सेक्रेड हार्ट स्कूल के छात्र उदित राज की मौत का मामला, दूसरे दिन भी जारी रहा अनिश्चितकालीन धरना

कोडरमा: झुमरीतिलैया स्थित सेक्रेड हार्ट स्कूल के छात्र उदित राज की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर इंसाफ की मांग तेज होती जा रही है। मामले के उद्भेदन और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला समाहरणालय के समक्ष शुरू किया गया अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन मिलने के साथ-साथ राजनीतिक दलों का भी समर्थन मिलने लगा है।
धरना स्थल पर पहुंचे राष्ट्रीय जनता दल के रास्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व कोडरमा विधान सभा के पूर्व प्रत्याशी सुभाष प्रसाद यादव जिला अध्यछ महेंद्र यादव विजय यादव कॉंग्रेस के जिला अध्यछ प्रकाश राजक युवा नेता रविशंकर यादव राजद के दीपक यादव समेत अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवार के साथ एकजुटता जताते हुए आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया। धरने पर बैठे मृतक छात्र के पिता विजय यादव ने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अब तक की कार्रवाई से परिवार संतुष्ट नहीं है और उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। राजद नेताओं ने भी प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि यदि मृतक के परिजन स्वयं जांच पर असंतोष जता रहे हैं, तो पुलिस को मामले का जल्द और पारदर्शी खुलासा करना चाहिए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
धरनार्थियों का कहना है कि जब तक उदित राज की मौत के रहस्य से पर्दा उठाकर दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उनका शांतिपूर्ण धरना और सत्याग्रह जारी रहेगा। वहीं, पूरे मामले पर लोगों की नजर बनी हुई है और न्याय की मांग लगातार तेज होती जा रही है।


