बोकारो प्रशासन सख्त: कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

बोकारो: बोकारो जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने को लेकर सोमवार को उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष से ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। बैठक में दोनों अनुमंडल पदाधिकारी, एसडीपीओ, प्रखंड विकास पदाधिकारी , अंचल अधिकारी तथा सभी थाना प्रभारी शामिल हुए।उपायुक्त अजय नाथ झा ने सोशल मीडिया पर अपुष्ट एवं भ्रामक सूचनाएं प्रसारित कर अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आइटी एक्ट के तहत विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।बैठक में बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन, सड़क जाम तथा सार्वजनिक व्यवस्था को बाधित करने वाली गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि आम नागरिकों एवं बोकारो होकर गुजरने वाले यात्रियों की सुरक्षा महत्वपूर्ण है और ऐसे मामलों में किसी प्रकार की ढ़िलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों ( पर अवरोध उत्पन्न करने के मामलों में भारत सरकार के सुसंगत प्रावधानों तथा अन्य सड़कों के मामलों में संबंधित विधिक धाराओं के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।उपायुक्त ने कहा कि अगर किसी को कोई समस्या है तो समाधान के लिए संबंधित व्यक्ति गठित प्रखंड स्तरीय अथवा जिला स्तरीय समिति के समक्ष अपनी बात रख सकते हैं, जहां सुनवाई कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।उपायुक्त ने कहा कि अंचल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यपालक दंडाधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
थाना प्रभारी संबंधित अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाएं तथा प्रत्येक मामले में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क जाम एवं अन्य विधि-व्यवस्था संबंधी मामलों में समुचित आकलन के आधार पर कार्रवाई की जाए। किसी भी परिस्थिति में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के बीच संचार का अभाव नहीं होना चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिया कि आवश्यकता अनुसार आइटी एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाए तथा जरूरत पड़ने पर निरोधात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।एसपी ने कहा कि बोकारो एक महत्वपूर्ण औद्योगिक जिला है। ऐसे में आम नागरिकों एवं औद्योगिक गतिविधियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
किसी भी घटना की वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की जाए। इस कार्य की संयुक्त जिम्मेदारी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की होगी।पुलिस अधीक्षक ने पूर्व में घटित घटनाओं की समीक्षा करते हुए चिन्हित असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लंबित मामलों में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रशासन पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगा।
बैठक में अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।


