Koderma News: राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव नेमरा पहुंचकर सीएम से मिले

कोडरमा: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा पहुंचकर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष, बरकट्ठा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक जानकी प्रसाद यादव एवं झामुमो के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मुलाकात की। इस दौरान अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव ने राजमाता रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

दुःख की इस घड़ी में मुख्यमंत्री से मुलाकात करते हुए अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव ने कहा कि राजमाता रूपी सोरेन के निधन से समस्त झारखंड की जनता मर्माहत है और इस कठिन समय में पूरा राज्य आपके परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।

उन्होंने आगे कहा कि महज एक साल पूर्व दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के उपरांत, अब माता का साया सिर से उठ जाने के इस असहनीय दर्द को एक पुत्र ही भली-भांति समझ सकता है। हालांकि, आज पूरे राज्य का दायित्व आपके कंधों पर है, इसलिए इस मुश्किल घड़ी में आपको हिम्मत और धैर्य से काम लेने की आवश्यकता है।

अलग झारखंड राज्य की लड़ाई में राजमाता रूपी सोरेन का योगदान अतुलनीय रहा है। जिस प्रकार उन्होंने आंदोलन के समय दिशोम गुरु के साथ हर परिस्थिति में एक ढाल बनकर उनका साथ दिया और साथ ही अपने बच्चों को बेहतरीन संस्कार व परवरिश दी, वह झारखंड के इतिहास में हमेशा स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। मौके पर बरकट्ठा विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ झामुमो नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More