Koderma News: चार महीने से मानदेय ठप, सदर अस्पताल और सीएचसी में काम बंद

कोडरमा: आउटसोर्सिंग कम्पनी कमांडो इंडस्ट्रियल सिक्युरिटी फोर्स हजारीबाग के अंतर्गत जिला के सदर अस्पताल एवं सभी प्रखण्डों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मियों को चार माह से मानदेय भुगतान नहीं होने, ईपीएफ और ईएसआई कटौती में घपलेबाजी व झारखंड सरकार द्वारा निर्धारित मानदेय भुगतान की मांग पर झारखंड स्वास्थ्य आउटसोर्सिंग कर्मचारी संघ (सीटू) के बैनर तले आउटसोर्सिंग कर्मी आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। इस संबंध में सीटू के राज्य सचिव संजय पासवान ने कहा कि हड़ताल की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। 10:30 बजे समाहरणालय परिसर से जुलूस निकाला जाएगा और सदर अस्पताल के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया जाएगा।

