रोहड़ापाड़ा मैट्रिक प्रवेशिका केंद्र का शानदार परिणाम, प्रगनैत राम सोरेन मेमोरियल ट्रस्ट ने सफल छात्रों को किया सम्मानित

दुमका: प्रगनैत राम सोरेन मेमोरियल ट्रस्ट, दुमका द्वारा दुमका प्रखंड के सुदूरवर्ती गांव रोहड़ापाड़ा स्थित “रोहड़ापाड़ा मैट्रिक प्रवेशिका तैयारी केंद्र” में मैट्रिक प्रवेशिका स्तर के विद्यार्थियों के बीच नि:शुल्क पुस्तक वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
इस वर्ष केंद्र का मैट्रिक परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। कुल 10 विद्यार्थियों में से 8 छात्र-छात्राओं ने A ग्रेड तथा 2 विद्यार्थियों ने B ग्रेड प्राप्त कर सफलता हासिल की।
समारोह के दौरान सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा वर्तमान सत्र के मैट्रिक विद्यार्थियों के बीच नि:शुल्क पुस्तकों का वितरण भी किया गया।
ज्ञात हो कि रोहड़ापाड़ा गांव में प्रगनैत राम सोरेन मेमोरियल ट्रस्ट एवं सिदो-कान्हू हुल बैसी के संयुक्त प्रयास से “रोहड़ापाड़ा मैट्रिक प्रवेशिका तैयारी केंद्र” विगत 10 वर्षों से अधिक समय से संचालित हो रहा है। दूरस्थ आदिवासी क्षेत्र के लिए यह केंद्र शिक्षा के क्षेत्र में एक वरदान साबित हो रहा है।
जिस गांव में पहले मैट्रिक स्तर के विद्यार्थी भी नहीं हुआ करते थे, वहां आज इंटर एवं बीए उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं हैं तथा कई विद्यार्थी बीएड की पढ़ाई भी कर रहे हैं।
यह केंद्र सामुदायिक शिक्षा का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है। वर्तमान में इस केंद्र में आठवीं से दसवीं कक्षा के अतिरिक्त उससे नीचे की कक्षाओं के बच्चे भी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
ट्रस्ट की ओर से सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर डॉ. ए.एम. सोरेन, कल्याणी हेम्ब्रोम, शिवधन सोरेन, सनातन मुर्मू, रामचंद्र लाल मरांडी तथा समाजसेवी सच्चिदानंद सोरेन मरांग बुरु सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।




