गिरिडीह में देह व्यापार का भंडाफोड़, 2 नाबालिग लड़कियां मुक्त, 3 गिरफ्तार

गिरिडीह: गिरिडीह पुलिस ने पचंबा थाना क्षेत्र के बोड़ो में चल रहे देह व्यापार के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह की सरगना महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक लाल रंग की ब्रेजा कार भी जब्त की गई है, जिसका इस्तेमाल देह व्यापार में किया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बोड़ो स्थित एक किराये के मकान में नाबालिग लड़कियों को डरा-धमकाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के बाद डीएसपी आर.के. राणा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।
मंगलवार को टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त मकान में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दो नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया, जबकि मौके से क्रांति देवी नामक महिला को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में पीड़ित लड़कियों ने बताया कि उनसे मारपीट और धमकी देकर जबरन देह व्यापार कराया जाता था।
पीड़िताओं के बयान के आधार पर पचंबा थाना में कांड संख्या 52/26 दर्ज किया गया। मामले में BNS की विभिन्न धाराओं के साथ POCSO एक्ट की धारा 6/10 के तहत केस दर्ज किया गया है। बाद में पुलिस ने छापेमारी कर दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- क्रांति देवी, ग्राम बलिया बेड़ा, गिरिडीह
- मो. तौफिक अंसारी, ग्राम अहारडीह, गांडेय
- मुशरफ अंसारी, ग्राम घाटकुल, गांडेय
पुलिस ने घटनास्थल से एक लाल रंग की ब्रेजा कार जब्त की है। कार्रवाई में डीएसपी आर.के. राणा, इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन कुमार, थाना प्रभारी राजीव कुमार समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
इस मामले पर एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि जिले में महिला एवं बच्चों के खिलाफ अपराध पर “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी और देह व्यापार जैसे अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


