Bokaro News: बीएसएल की ‘प्रोजेक्ट आध्या’ से 25 ग्रामीण महिलाएं बनीं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर

प्रोजेक्ट आध्या के तहत तैयार किए गए परिधानों को 'समर्पण वेलफेयर एसोसिएशन' को सौंपतीं महिलाएं।

बोकारो: स्टील प्लांट अपने परिधीय क्षेत्रों में समावेशी विकास, महिला सशक्तीकरण और स्थायी आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में, बीएसएल की पहल प्रोजेक्ट ‘आध्या’ के तहत बोकारो के परिधीय गांवों की 25 जरूरतमंद महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। प्रशिक्षित महिलाओं ने लगभग 2.5 लाख मूल्य के 500 उत्पादों का पहला बड़ा व्यावसायिक ऑर्डर सफलतापूर्वक तैयार कर ‘समर्पण वेलफेयर एसोसिएशन’ को सौंपा है।

यह उपलब्धि उनके अर्जित कौशल को व्यावसायिक उत्पादन और बाजार की मांग से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।प्रोजेक्ट ‘आध्या’ का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं को सिलाई एवं परिधान निर्माण में दक्ष बनाकर उन्हें आजीविका के स्थायी साधनों और नियमित आय अर्जित करने के अवसरों से जोड़ना है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद परियोजना से जुड़ी महिलाएं विभिन्न प्रकार के परिधानों का निर्माण कर आय अर्जित कर रही हैं।

यह पहल महिलाओं के अर्जित कौशल को सीधे बाजार से जोड़ने और प्रशिक्षण को व्यावहारिक आय-सृजन में बदलने की दिशा में अत्यंत सार्थक सिद्ध हुई है। सेक्टर-2 स्थित हैंडीक्राफ्ट सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा तैयार किए गए सभी 500 उत्पाद ‘समर्पण वेलफेयर एसोसिएशन’ को सौंप दिए गए। इस प्रक्रिया में एसोसिएशन का सहयोग महिलाओं के उत्पादों को बाजार से जोड़ने तथा उनके लिए विपणन के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (एमएंडएचएस), मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (वित्त एवं लेखा), मुख्य महाप्रबंधक (नगर सेवाएं), मुख्य महाप्रबंधक (एचआर-एलएंडडी), मुख्य महाप्रबंधक बीएसएल के सीएसआर विभाग के महाप्रबंधक सहित अन्य अधिकारी तथा समर्पण वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि प्रोजेक्ट ‘आध्या’ की शुरुआत 10 मार्च 2026 को की गई थी। इसके अंतर्गत बोकारो के परिधीय गांवों की जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई एवं परिधान निर्माण का प्रशिक्षण प्रदान कर उनके लिए आजीविका के स्थायी अवसर सृजित किए जा रहे हैं। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद परियोजना से जुड़ी महिलाएं विभिन्न प्रकार के परिधानों के निर्माण के माध्यम से आय अर्जित कर रही हैं।

₹2.5 लाख मूल्य के 500 उत्पादों के पहले ऑर्डर को सफलतापूर्वक पूरा करना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे महिलाओं के कौशल को व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने तथा उनकी आय और आर्थिक आत्मनिर्भरता की संभावनाओं को मजबूत करने में मदद मिली है। प्रोजेक्ट ‘आध्या’ के माध्यम से बीएसएल ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल कर रहा है।

यह पहल महिलाओं के सामाजिक आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनके पारिवारिक जीवन-स्तर को बेहतर बनाने में भी सहायक है। कौशल विकास को बाजार के अवसरों से जोड़कर समावेशी विकास को गति देने का यह प्रयास स्थानीय समुदायों के समग्र आर्थिक उत्थान एवं महिला सशक्तीकरण के प्रति बोकारो इस्पात संयंत्र की प्रतिबद्धता को उजागर करता है।

लेखक के बारे में

By निर्मल महाराज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More