Bokaro News: बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी और एसपी ने किया फ्लैग मार्च

बोकारो: मंगलवार को बकरीद पर्व के मद्देनजर उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने चास प्रखंड अंतर्गत विभिन्न मुस्लिम बहुल क्षेत्रों का दौरा कर विधि-व्यवस्था एवं तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों एवं दोनों समुदाय के प्रतिनिधियों से संवाद कर आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रखंड के मुस्लिम मोहल्ला आजाद नगर, सुल्तान नगर, गौश मोहल्ला, कादरी मोहल्ला भर्रा, इमामनगर जामा मस्जिद, रांची मोहल्ला अलीनगर, चीरा चास, पिंडरगेड़िया, तेलगड़िया, सोलागडीह ईदगाह एवं पिंड्राजोरा के नारायणपुर मोहल्ला सहित अन्य क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस क्रम में उन्होंने बकरीद पर्व के दौरान नमाज अदा किए जाने वाले स्थलों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
दोनों अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत के दौरान कहा कि थाना अंचल स्तर पर अहूत शांति समिति की बैठक आयोजित कर सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई है। उन्होंने यह भी जानकारी ली कि किस ईदगाह एवं मस्जिद में कब नमाज अदा की जाएगी तथा पर्व को लेकर स्थानीय स्तर पर क्या तैयारियां की गई हैं।
मौके पर उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार एवं अंचल अधिकारी सेवा राम साहू को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने तथा दोनों समुदाय के लोगों से नियमित संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शांति, सौहार्द एवं भाईचारे का वातावरण बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।भ्रमण के दौरान चास एसडीपीओ वेदांत शंकर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, स्थानीय थाना प्रभारी सहित दोनों समुदाय के गणमान्य लोग उपस्थित थे।


