Sahebganj News: सिद्धो-कान्हू स्टेडियम के दो प्रशिक्षुओं का नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में चयन

राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए चुने जाने पर जश्न मनाते प्रशिक्षण केंद्र के बच्चे।

साहिबगंज: जिले के लिए गौरव का क्षण है। सिद्धो-कान्हू स्टेडियम स्थित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के दो प्रशिक्षुओं का चयन नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए हुआ है। जानकारी के अनुसार, खेल विभाग द्वारा संचालित इस केंद्र के प्रशिक्षु परमा हांसदा (पेंटाथलन) एवं एमानुएल किस्कू (80 मीटर हर्डल्स) का चयन अंडर-16 बालक वर्ग में हुआ है। परमा हांसदा राजस्थान इंटर विद्यालय के छात्र हैं।

यह चयन पटना में 22 से 24 सितंबर तक संपन्न 37वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता एवं धनबाद में आयोजित राज्य स्तरीय सब-जूनियर प्रतियोगिता में इनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। इसकी जानकारी प्रशिक्षक योगेश यादव ने दी। यह चैंपियनशिप तमिलनाडु के चेन्नई स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित होगी। इधर, उपायुक्त दीपक कुमार दूबे, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार दास, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार सहित दर्जनों खेल प्रेमियों ने दोनों एथलीटों को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More