साहिबगंज में गैस का हाहाकार, 2000 रुपये में बिक रहा सिलेंडर; एजेंसियों पर ब्लैक मार्केटिंग का आरोप

संजना कुमारी
साहिबगंज: जिले में गैस संकट अब सड़क पर आ गया है। सकरोगढ़ स्थित स्वास्तिक गैस एजेंसी और महादेवगंज की मां समुंद्रा गैस एजेंसी पर ब्लैक मार्केटिंग और अनियमित वितरण के गंभीर आरोप लगे हैं। मंगलवार को सैकड़ों उपभोक्ताओं ने एजेंसी कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया। उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग जमा कराने के बाद एजेंसी से ‘स्टॉक नहीं है’ कहकर बुकिंग वापस कर दी जाती है। सीमित सिलेंडर बांटकर बाकी स्टॉक ज्यादा पैसे लेकर स्थानीय दुकानदारों और दलालों को बेचा जा रहा है। दलाल वही सिलेंडर मजबूर उपभोक्ताओं को 2000 रुपये तक में बेच रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि एजेंसी की होम डिलीवरी सेवा लगभग बंद है। बिना एक्स्ट्रा पैसे दिए डिलीवरी नहीं होती। एजेंसी वाले खुद उपभोक्ताओं को लोकल दुकानदारों से सिलेंडर खरीदने की सलाह दे रहे हैं।
मौके पर मौजूद महिलाओं ने कहा कि गैस नहीं मिलने से घर की रसोई व्यवस्था चरमरा गई है। लकड़ी और गोइठा पर खाना बनाने को मजबूर हैं। बच्चों को समय पर टिफिन तक नहीं दे पा रहीं। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन और खाद्य आपूर्ति विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी है कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे।
फिलहाल स्वास्तिक और मां समुंद्रा गैस एजेंसी प्रबंधन की ओर से इन गंभीर आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। उल्लेखनीय है कि सोमवार को हो उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने 30 हजार बैकलॉग पर एजेंसियों को फटकार लगाई थी। इतना ही नहीं, आवश्यक वस्तु अधिनियम की चेतावनी भी दी थी। फिर भी स्वास्तिक गैस एजेंसी सुधरने को तैयार नहीं। सवाल सीधा है की जब डीसी के आदेश के बाद भी दलाल 2000 में गैस बेच रहे हैं, तो सिस्टम में दलाल कौन है? एजेंसी या कोई और? अब गेंद प्रशासन के पाले में है। कार्रवाई होगी या फिर जनता सड़क पर आएगी।


